
इम्तियाज जलील
जलाना: एआईएमआईएम नेता इम्तियाज जलील ने कहा है कि अगर कोई भी व्यक्ति मुस्लिम महिलाओं को गलत इरादे से छूने की हिम्मत करेगा तो वह उसका हाथ काट देंगे। यह बयान उस विवाद के बीच आया है जो बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक महिला के चेहरे से हिजाब खींचने पर उत्तर प्रदेश के एक मंत्री की टिप्पणी के बाद पैदा हुआ था।
शुक्रवार को महाराष्ट्र के जालना शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए इम्तियाज जलील ने आरोप लगाया कि तथाकथित धर्मनिरपेक्ष पार्टियां गुंडों और आपराधिक तत्वों का समर्थन करती हैं लेकिन जब मुसलमानों का समर्थन करने की बात आती है तो पीछे हट जाती हैं। उन्होंने हिजाब विवाद को लेकर भी नीतीश कुमार पर निशाना साधा.
संजय निषाद और नीतीश पर भी साधा निशाना
औरंगाबाद के पूर्व सांसद ने कहा, ”उत्तर प्रदेश के एक मंत्री ने आपत्तिजनक बयान दिया था। अगर किसी ने मुस्लिम बहन को गलत इरादे से छूने की हिम्मत की, तो मैं उसका हाथ काट दूंगा।” उत्तर प्रदेश के मंत्री संजय निषाद ने नीतीश कुमार से जुड़े हिजाब विवाद पर कहा था, ”अगर उन्होंने उसे कहीं और छुआ होता तो क्या होता?”
इम्तियाज जलील ने आरोप लगाया कि यही पार्टियां AIMIM को सांप्रदायिक और अछूत कहती हैं. जबकि सच्चाई यह है कि वे नहीं चाहते कि मुसलमानों के बीच कोई नेतृत्व करे. इम्तियाज जलील 15 जनवरी को होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए एआईएमआईएम उम्मीदवारों के समर्थन में रैलियां कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कभी मस्जिदों को निशाना बनाया जाता है तो कभी दरगाहों पर कार्रवाई की जाती है. उन्होंने बिहार में हिजाब विवाद का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अब मुस्लिम लड़कियों के हिजाब पर भी हमला हो रहा है. जलील ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री स्तर के नेता इस तरह का आचरण करेंगे तो समाज में क्या संदेश जायेगा.
क्या था हिजाब विवाद?
दरअसल, दिसंबर महीने में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ी एक घटना के कारण हिजाब को लेकर विवाद खड़ा हो गया था. पटना में नवनियुक्त आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांटने के लिए एक आधिकारिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान जब डॉ. नुसरत परवीन नाम की महिला डॉक्टर अपना नियुक्ति पत्र लेने मंच पर आईं तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके चेहरे से हिजाब/नकाब खींच लिया. इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
