
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में खाने को लेकर रेल मंत्री ने दी बड़ी जानकारी.
नई दिल्ली: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को कहा कि पीएम मोदी इस महीने के अंत में गुवाहाटी से कोलकाता वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह सेवा अगले 15-20 दिनों में यानी 18-19 जनवरी के आसपास शुरू हो सकती है. हमने इसके लिए पीएम मोदी से अपील की है. मैं अगले 2-3 दिनों में सटीक तारीख की घोषणा करूंगा। उन्होंने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में मिलने वाले खाने के बारे में भी बात की. उन्होंने असमिया और बंगाली खाने के बारे में बताया.
खाने के मेन्यू पर रेल मंत्री का बयान
अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘गुवाहाटी से जो वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आएगी उसमें असमिया खाना होगा और जो ट्रेन कोलकाता से चलेगी उसमें बंगाली खाना होगा.’
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की क्षमता
उन्होंने आगे बताया कि 16 कोच वाली इस स्लीपर ट्रेन की यात्री क्षमता 823 है. इसकी डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा होगी. हालांकि, फिलहाल यह वंदे भारत दोनों शहरों के बीच 120-130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी और असम-पश्चिम बंगाल के सभी जिलों को कवर करेगी.
हवाई यात्रा की तुलना में कितना है किराया?
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस विकास को देश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का टिकट किराया हवाई यात्रा से काफी कम होगा। वंदे भारत में भोजन सहित थर्ड एसी का किराया करीब 2,300 रुपये, सेकेंड एसी का करीब 3,000 रुपये और फर्स्ट एसी का किराया करीब 3,600 रुपये होगा. ये किराए मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर तय किए गए हैं. गुवाहाटी-कोलकाता हवाई यात्रा का किराया लगभग 6 से 8 हजार रुपये है।
वंदे भारत में थर्ड एसी कोच कितने हैं?
रेल मंत्री ने बताया कि 16 कोच की इस स्लीपर ट्रेन में थर्ड एसी के 11 कोच, सेकेंड एसी के 4 कोच और फर्स्ट एसी का एक कोच है. ट्रेन की कुल 823 सीटों में से 611 थर्ड एसी, 188 सेकेंड एसी और 24 फर्स्ट एसी की हैं।
ये भी पढ़ें-
बेल्लारी में हंगामा! बैनर लगाने को लेकर दो विधायकों के समर्थक भिड़े, जमकर पथराव और फायरिंग हुई
