
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई
ईरान में बिगड़ती अर्थव्यवस्था और मुद्रा ‘रियाल’ की गिरती कीमत को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन ने अब हिंसक रूप ले लिया है। एक हफ्ते से चल रही इस उथल-पुथल के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सुरक्षा बलों से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने को कहा है. ये तनाव तब और बढ़ गया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी. इसके साथ ही उसने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो (जो ईरान के करीबी सहयोगी हैं) को भी पकड़ने का दावा किया।
‘दंगाइयों को उनकी जगह दिखानी होगी’
86 वर्षीय सर्वोच्च नेता खामेनेई ने राज्य टेलीविजन पर प्रसारित एक संबोधन में प्रदर्शनकारियों और दंगाइयों के बीच स्पष्ट अंतर बताने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “अधिकारियों को शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों से बात करनी चाहिए, लेकिन दंगाइयों से बात करने का कोई फायदा नहीं है। उन्हें उनकी जगह दिखानी होगी।” खामनेई ने दावा किया कि इजराइल और अमेरिका जैसी विदेशी ताकतें ईरान में अशांति फैला रही हैं. उन्होंने रियाल के गिरते मूल्य के लिए “दुश्मनों” को भी दोषी ठहराया।
हिंसा में अब तक 10 की मौत
विरोध प्रदर्शन ईरान के 31 प्रांतों में से 22 में फैल गया है। शनिवार रात को हुई ताजा हिंसा में दो और लोगों की मौत के साथ कुल मृतकों की संख्या 10 तक पहुंच गई है. शिया मदरसों के गढ़ क़ोम शहर में ग्रेनेड फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. सरकारी मीडिया का दावा है कि शख्स लोगों पर हमला करने के लिए ग्रेनेड लेकर जा रहा था. इस बीच, हरसिन में रिवोल्यूशनरी गार्ड की ‘बासिज’ विंग का एक सदस्य बंदूक और चाकू के हमले में मारा गया।
डोनाल्ड ट्रंप ने दी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि अगर तेहरान शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को मारता है, तो अमेरिका उनकी सहायता के लिए आएगा। इसके तुरंत बाद शनिवार को वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी की ट्रंप की घोषणा ने ईरान के नेतृत्व को और अधिक सतर्क कर दिया है. ईरानी अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई में मध्य पूर्व में तैनात अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाने की धमकी दी है।
2022 के बाद सबसे बड़ा प्रदर्शन
मानवाधिकार संगठनों के मुताबिक 100 से ज्यादा जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं. हालाँकि 2022 के महसा अमिनी विरोध प्रदर्शन जितना तीव्र नहीं है, आर्थिक मंदी और रियाल के ऐतिहासिक पतन ने जनता के गुस्से को चरम पर ला दिया है।
ये भी पढ़ें-
‘हमले की जगह जान लें, हस्तक्षेप करें तो सेना तैयार’ ईरान ने ट्रंप को इस तरह दिया जवाब
“जब चाहो, जैसे चाहो…”, गिरफ़्तारी से ठीक पहले निकोलस मादुरो ने अमेरिका के बारे में क्या कहा?
