
अजित पवार
मुंबई: पश्चिम बंगाल में भतीजे अभिषेक बनर्जी ने चाची ममता बनर्जी के लिए मोर्चा संभाल लिया है तो वहीं महाराष्ट्र में भी एक भतीजे के दिल में अपने चाचा के लिए प्यार उमड़ रहा है. यहां हम बात कर रहे हैं चाचा शरद पवार और भतीजे अजित पवार की. दो साल पहले पवार परिवार और पार्टी दोनों अलग हो गए थे, लेकिन अब एक बार फिर पवार परिवार एक होता नजर आ रहा है.
पवार परिवार की एकता के संकेत
अजित पवार ने एक बार फिर पवार परिवार के एकजुट होने का संकेत दिया है. दरअसल, पिंपरी चिंचवड़ में अजित पवार और शरद पवार की पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रही है. अजित पवार की पार्टी के पोस्ट पर शरद पवार की तस्वीर है. ऐसे में जब उनसे पूछा गया कि क्या शरद पवार हमेशा उनके साथ रहेंगे तो अजित पवार ने कहा कि आपके मुंह में घी-चीनी है.
शरद पवार के साथ गठबंधन पर अजित पवार का बयान आया सामने. दरअसल, अजित पवार से पूछा गया था कि आपके बैनर पर शरद पवार की तस्वीर है, क्या वे हमेशा साथ रहेंगे? इस पर अजित पवार ने कहा, ”मुंह में घी-चीनी.”
अजित पवार ने और क्या कहा?
अजीत पवार ने कहा, “अगर कल किसी के खिलाफ अपराध दर्ज किया जाता है, तो क्या अपराध साबित होने से पहले ही वह व्यक्ति दोषी हो जाता है? मेरे खिलाफ भी 70,000 करोड़ रुपये का आरोप लगाया गया था। जिन लोगों ने मेरे खिलाफ आरोप लगाए थे, क्या वे सभी आज मेरे साथ हैं या नहीं? मुझे बताएं। क्या मैं आज उन सभी लोगों के साथ सरकार में हूं या नहीं?”
आपको बता दें कि हाल ही में अजित पवार इसलिए सुर्खियों में आए थे क्योंकि उन्होंने अपनी ही सहयोगी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था, ”बीजेपी ने पीसीएमसी को लूट का अड्डा बना दिया है.” अजित पवार ने आरोप लगाया था कि बीजेपी ने टेंडरों का ‘रिंग’ बनाकर पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) में भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बनाए हैं. उन्होंने कहा था, ”विकास के नाम पर जनता के पैसे का दुरुपयोग किया गया है और शहर के संसाधनों को लूटा गया है.”
