देहरादून: देहरादून के राजपुर इलाके से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक रिटायर ब्रिगेडियर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. मिली जानकारी के मुताबिक, फायरिंग दो गाड़ियों में सवार लोगों के बीच हुई बहस के दौरान हुई, जिसमें एक गोली ब्रिगेडियर को लगी और उनकी मौत हो गई.
क्या है पूरा मामला?
मौके पर मौजूद अधिकारियों के मुताबिक, दो गाड़ियों में सवार लोगों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद फायरिंग शुरू हो गई. ब्रिगेडियर सुबह की सैर पर निकले थे तभी उन्हें गोली लग गई और उनकी मौत हो गई. पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और जांच जारी है.
देहरादून एसपी का भी बयान सामने आया
देहरादून के एसपी प्रमोद कुमार ने कहा, “आज सुबह करीब 7 बजे राजपुर थाने को सूचना मिली कि जोहरी गांव में दो गाड़ियों के बीच ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया है. सूचना मिली कि एक गाड़ी में सवार लोग आगे चल रही गाड़ी पर फायरिंग कर रहे हैं. फायरिंग के दौरान सुबह की सैर पर निकले एक व्यक्ति को गोली लग गई और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. अब पुष्टि हो गई है कि इलाज के दौरान उस व्यक्ति की मौत हो गई है. पुलिस ने ग्रामीण इलाकों सहित सभी पुलिस स्टेशनों को सूचित कर दिया है. ”वाहन का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही गिरफ्तारियां कर ली जाएंगी।”
करीब 70 साल के थे
रिटायर ब्रिगेडियर की उम्र करीब 70 साल थी और वह रोजाना की तरह सुबह की सैर के लिए निकले थे लेकिन तभी उन्हें गोली लग गई और उनकी मौत हो गई. कहा जा रहा है कि उनका किसी भी विवाद से कोई लेना-देना नहीं था. आरोपी अपना वाहन छोड़कर मौके से भाग गए और उनकी तलाश के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.
