
मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा के घर ईडी की कुर्की
पश्चिम बंगाल के प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के कोलकाता जोनल कार्यालय ने तृणमूल कांग्रेस विधायक और राज्य सरकार के मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा की लगभग 3.65 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई 31 दिसंबर, 2025 को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई थी। चंद्रनाथ सिन्हा वर्तमान में पश्चिम बंगाल सरकार में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई), कपड़ा और जेल प्रशासन विभाग के मंत्री हैं।
कैसे शुरू हुई जांच?
ईडी ने यह जांच सीबीआई द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर शुरू की थी. यह एफआईआर कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई थी. आरोप है कि प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती में अयोग्य, सूची से बाहर और कम रैंक वाले अभ्यर्थियों को नौकरी दे दी गई, जबकि योग्य अभ्यर्थियों को जानबूझकर बाहर रखा गया. यह सब आपसी साजिश के तहत नियमों की अनदेखी कर किया गया।
कार्रवाई पहले ही हो चुकी है
इस मामले में ईडी पहले ही 6 अगस्त 2025 को चंद्रनाथ सिन्हा के खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज कर चुकी है. इसके अलावा 22 मार्च 2024 को उनके आवास पर छापेमारी के दौरान 41 लाख रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किये गये थे.
जांच से यह भी पता चला कि चंद्रनाथ सिन्हा द्वारा नियंत्रित बैंक खातों में भारी मात्रा में नकदी जमा की गई थी। आरोप है कि उन्होंने बोलपुर और बीरभूम इलाकों में परिवार के सदस्यों के नाम पर कई अचल संपत्तियां खरीदीं, जिन्हें अब कुर्क कर लिया गया है।
अर्पिता मुखर्जी के ठिकानों से बड़ी बरामदगी
इस घोटाले में इससे पहले ईडी ने पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के ठिकानों से 49.80 करोड़ रुपये नकद और 5.08 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण भी बरामद किए थे.
अब तक 7 गिरफ्तार
ईडी ने इस मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी और अर्पिता मुखर्जी भी शामिल हैं. अब तक 6 अस्थायी कुर्की आदेश जारी किए जा चुके हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 98.65 करोड़ रुपये है.
54 आरोपियों के खिलाफ केस, ट्रायल जारी
ईडी ने अब तक एक मुख्य और 6 पूरक अभियोजन शिकायतें दर्ज की हैं। इस मामले में 54 आरोपियों और संस्थाओं के खिलाफ आरोप तय किए गए हैं, जिनमें पार्थ चटर्जी, अर्पिता मुखर्जी और विधायक माणिक भट्टाचार्य जैसे नाम शामिल हैं. फिलहाल मामला विशेष पीएमएलए कोर्ट में लंबित है.
कुल जब्ती 641 करोड़ रुपये के पार
प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले में अब तक 154.91 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त या कुर्क की जा चुकी है. वहीं, इससे जुड़े एसएससी सहायक शिक्षक और ग्रुप ‘सी’ और ‘डी’ भर्ती घोटाले में ईडी ने करीब 486 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है. कुल मिलाकर ईडी कोलकाता ने भर्ती घोटाले में अब तक करीब 641 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है.
