पीएसएल 2026 के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ी खबर सामने आई है। बॉल टेंपरिंग के गंभीर आरोप में स्टार बल्लेबाज फखर जमान पर दो मैचों का प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस फैसले से क्रिकेट प्रेमियों में हड़कंप मच गया है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने 31 मार्च को इसकी पुष्टि की और कहा कि फखर जमान को टूर्नामेंट की आचार संहिता के लेवल-3 उल्लंघन का दोषी पाया गया है. यह मामला आर्टिकल 2.14 से जुड़ा है, जो बॉल टैंपरिंग की श्रेणी में आता है.
लाहौर बनाम कराची मैच में गेंद से छेड़छाड़
यह घटना 29 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मैच के दौरान हुई। मैच के आखिरी ओवर से पहले मैदानी अंपायरों ने लाहौर टीम पर 5 रन का जुर्माना लगाया और गेंद बदलने का फैसला किया. फखर पर यह आरोप मैदानी अंपायर शाहिद सैकत और फैसल खान अफरीदी, टीवी अंपायर आसिफ याकूब और चौथे अंपायर तारिक राशिद ने लगाया था. हालाँकि, फखर ने आरोप से इनकार किया और मामले को चुनौती देने का फैसला किया, जिसके कारण अनुशासनात्मक सुनवाई हुई।
फखर 2 मैच मिस करेंगे
मैच रेफरी रोशन महानामा ने सबूतों की समीक्षा और फखर की दलीलें सुनने के बाद फैसला दिया. सुनवाई के दौरान लाहौर के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, टीम निदेशक समीम राणा और मैनेजर फारूक अनवर भी मौजूद थे। लेवल-3 उल्लंघन के तहत कम से कम एक मैच और अधिकतम दो मैचों का प्रतिबंध लगाया जा सकता है. फखर जमान को अधिकतम सजा दी गई है, जिसके कारण अब वह 3 अप्रैल को लाहौर में मुल्तान सुल्तांस के खिलाफ मैच और 9 अप्रैल को कराची में इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ मैच से बाहर रहेंगे.
पीएसएल के नियमों के मुताबिक खिलाड़ी इस फैसले के खिलाफ 48 घंटे के अंदर टूर्नामेंट की तकनीकी समिति में अपील कर सकते हैं. फखर जमान पर लगा ये बैन लाहौर टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह इस फैसले के खिलाफ अपील करते हैं और उनकी अनुपस्थिति में टीम कैसा प्रदर्शन करती है।
यह भी पढ़ें:
बड़ी खबर, वनडे और टी20 सीरीज के लिए कीवी टीम का ऐलान, दमदार खिलाड़ियों की टीम में वापसी
आईपीएल 2026: किसने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन, ऑरेंज कैप के लिए चल रही है घमासान जंग?
