
पटरी से उतरी मालगाड़ी
जमुई: बिहार के जुमई में मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण यातायात बाधित हो गया है. पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 27 दिसंबर 2025 को रात 11:25 बजे आसनसोल डिवीजन (पूर्वी रेलवे) के लहाबोन और सिमुलतला स्टेशनों के बीच एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए.
इस दुर्घटना के कारण चलती सेक्शन की अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है. सूचना मिलते ही आसनसोल, मधुपुर और झाझा से एआरटी (एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन) टीमों को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया और युद्धस्तर पर मरम्मत का काम चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक, जसीडीह से झाझा जा रही सीमेंट लदी मालगाड़ी के डिब्बे जमुई के टेलवा बाजार हॉल्ट के पास पटरी से उतर गये. इसके चलते हावड़ा-दिल्ली रूट की मुख्य लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई. रात में घने कोहरे के कारण मार्ग साफ करने के काम में बाधा आ रही है. फिलहाल मौके पर बिखरे मालगाड़ी के डिब्बों को हटाकर रूट क्लियर करने का काम चल रहा है.
