
मुस्तफिजुर रहमान
3 जनवरी को भारतीय क्रिकेट बोर्ड के निर्देश के बाद बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सीजन से पहले अपनी टीम से रिलीज कर दिया था. भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव को देखकर बीसीसीआई ने यह कदम उठाया. पिछले महीने हुई आईपीएल मिनी नीलामी में केकेआर ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था. इस बीच मुस्तफिजुर रहमान के आईपीएल से बाहर होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने रात करीब 9:30 बजे आपात बैठक बुलाई, जिसमें टी20 वर्ल्ड कप के मैचों पर भी चर्चा हुई.
बांग्लादेश बोर्ड खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है
बांग्लादेश अब चाहता है कि उसके टी20 विश्व कप के मैच भारत से श्रीलंका स्थानांतरित कर दिए जाएं, इसके लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी आईसीसी को पत्र लिखेंगे. दरअसल, भारत और श्रीलंका टी20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी कर रहे हैं. इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश को कोलकाता में तीन मैच खेलने हैं. लेकिन बांग्लादेश बोर्ड के अधिकारी कोलकाता में होने वाले मैच से पहले अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. इसी वजह से वह चाहते हैं कि उनके मैच श्रीलंका में खेले जाएं.
बीसीबी अब आईसीसी को पत्र लिखेगी
3 जनवरी को ज़ूम पर बीसीबी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की आपातकालीन बैठक के बाद, मीडिया समिति के अध्यक्ष अमजद हुसैन ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो के हवाले से कहा कि हमारे पास कोलकाता में तीन टी20 विश्व कप मैच हैं, इसलिए हम आईसीसी को लिखेंगे कि आज क्या हुआ। बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरूल ने कहा कि वह भारत में टीम की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर को आईपीएल से हटाने का कारण हालिया घटनाक्रम बताया था। उन्होंने यह भी कहा कि वह बीसीबी से अपने मैच श्रीलंका में आयोजित कराने के लिए आईसीसी को पत्र लिखने को कहेंगे.
आसिफ नजरूल ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई
नजरूल ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा कि मैंने बीसीबी से इस पूरे मामले पर आईसीसी को स्पष्टीकरण देने को कहा है. बोर्ड को यह बताना चाहिए कि जब एक बांग्लादेशी क्रिकेटर अनुबंध के बावजूद भारत में नहीं खेल सकता तो पूरी बांग्लादेशी क्रिकेट टीम भारत में विश्व कप खेलने के लिए कैसे सुरक्षित महसूस कर सकती है। मैंने बोर्ड को बांग्लादेश के विश्व कप मैच श्रीलंका में आयोजित करने के लिए आईसीसी से अनुरोध करने का भी निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें:
विराट कोहली के बराबर पहुंचे डेविड वॉर्नर, शतक लगाकर टी20 क्रिकेट में किया ऐसा चमत्कार
शतक भी नहीं आया काम, श्रेयस अय्यर के लौटते ही आउट हुआ ये खिलाड़ी
