
तेज प्रताप यादव
पटना: लालू परिवार द्वारा 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली करने के मामले पर लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का बयान सामने आया है. तेज प्रताप ने कहा है कि अगर सरकारी बंगला खाली करना होगा तो लालू जी अपने निजी आवास में चले जायेंगे. वैसे भी सभी को सरकारी आवास खाली करना है. हालांकि, तेज प्रताप ने यह नहीं बताया कि लालू यादव कब तक घर खाली करेंगे.
तेज प्रताप ने और क्या कहा?
तेज प्रताप यादव ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए धमकी मिलने के बाद उन्होंने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष रेनू के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है और गृह मंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है.
तेज प्रताप यादव बीजेपी नेता और भूमिहार ब्राह्मण मंच के अध्यक्ष आशुतोष कुमार के भाई के निधन पर शोक व्यक्त करने देवघर गये थे. तेज प्रताप यादव ने कहा कि इस मामले में दोषी लोगों को पकड़ा जाना चाहिए.
लालू यादव का नया बंगला तैयार हो रहा है
गौरतलब है कि लालू यादव का नया बंगला बन रहा है. हाल ही में इसका वीडियो भी सामने आया था. जल्द ही लालू परिवार इसमें शिफ्ट हो सकता है. लालू यादव का नया बंगला पटना के दानापुर के महुआबाग इलाके में बन रहा है.
यह घर पिछले डेढ़ साल से बन रहा है और अपने अंतिम चरण में है। इस पर आखिरी अपडेट यह है कि इसके इंटीरियर का काम पूरा होने वाला है। ये बंगला काफी भव्य है. इमारत के चारों ओर 10 से 15 फीट ऊंची मजबूत चारदीवारी है और इसकी डिजाइन और वास्तुकला लोगों को खूब आकर्षित करती है।
बंगले में 8 विशाल शयनकक्ष और एक विशाल ड्राइंग हॉल, अतिथि कक्ष, पूजा कक्ष, पारिवारिक लाउंज और अलग स्टाफ क्वार्टर हैं। इसमें एक बड़ा बगीचा और वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी है।
