
भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को कारोबार की शुरुआत सुस्ती के साथ हुई। निवेशकों की सावधानी और मिले-जुले वैश्विक संकेतों का असर सीधे बाजार पर नजर आया. सुबह बाजार खुलते ही बीएसई सेंसेक्स करीब 150 अंकों की गिरावट के साथ 85,250 के आसपास कारोबार करता नजर आया, जबकि एनएसई निफ्टी 26,100 के स्तर के करीब फिसल गया। बैंकिंग शेयरों की बात करें तो बैंक निफ्टी भी दबाव में रहा और 80 अंकों की गिरावट के साथ 59,102 पर खुला। बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में दबाव के कारण बाजार में सुस्ती रही.
सिर्फ बड़े शेयर ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी कमजोरी दिखी। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ 60,425 के आसपास कारोबार करता नजर आया, जो दर्शाता है कि निवेशक फिलहाल जोखिम लेने से बच रहे हैं।
किन शेयरों में रही तेजी?
हालांकि, बाजार में सुस्ती के बावजूद कुछ शेयरों में मजबूती दिखी. शुरुआती कारोबार में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोल इंडिया, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, टाइटन और अदानी एंटरप्राइजेज निफ्टी 50 के टॉप गेनर्स में से थे। इन शेयरों में चुनिंदा खरीदारी देखने को मिली, जिससे बाजार को कुछ हद तक सपोर्ट मिला.
इन शेयरों पर दिख रहा दबाव
वहीं, कुछ बड़े दिग्गज शेयरों में बिकवाली हावी रही। इटरनल (ज़ोमैटो), बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस जैसे शेयरों में कमजोरी दर्ज की गई। खासकर वित्तीय और बीमा शेयरों में दबाव ने बाजार धारणा को प्रभावित किया।
निवेशकों की नजर किन शेयरों पर है?
शुक्रवार के कारोबार में एक्सिस बैंक, कोल इंडिया, श्रीराम फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे शेयर प्रमुख रहे। आज दिन में इन शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है।
