
अमेरिका ने आईएसआईएस के ठिकानों पर हमला किया
अमेरिका ने नाइजीरिया में आईएसआईएस के ठिकानों पर बड़ा हमला किया है। अमेरिका ने उत्तर पश्चिमी नाइजीरिया में हवाई हमला किया है. अमेरिका की ओर से एयर स्ट्राइक का एक वीडियो भी जारी किया गया है. इस अमेरिकी हमले की जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दी है.
ईसाइयों की हत्याओं को लेकर हमला
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में आईएसआईएस पर यह हमला ईसाइयों की हत्याओं को लेकर आतंकवादियों को निशाना बनाकर किया गया था. ट्रंप ने आगे लिखा, ‘आज रात, कमांडर इन चीफ के रूप में मेरे निर्देश पर, संयुक्त राज्य अमेरिका ने उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में आईएसआईएस आतंकवादी समूहों के खिलाफ एक शक्तिशाली और घातक हमला किया।’
निर्दोष ईसाइयों की बेरहमी से हत्या कर दी गई
ट्रंप ने आगे कहा, ‘ये आईएसआईएस आतंकवादी कई वर्षों, यहां तक कि सदियों से निर्दोष ईसाइयों को बेरहमी से निशाना बना रहे हैं और मार रहे हैं। मैंने पहले ही इन आतंकवादियों को चेतावनी दी थी कि यदि उन्होंने ईसाइयों का नरसंहार नहीं रोका तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे और आज रात वही हुआ।
अमेरिका कट्टरपंथी इस्लामिक आतंकवाद को पनपने नहीं देगा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘युद्ध विभाग ने कई सटीक हमले किए, केवल मेरे नेतृत्व में अमेरिका ही ऐसा कर सकता है. हमारा देश कट्टरपंथी इस्लामिक आतंकवाद को पनपने नहीं देगा. भगवान हमारी सेना को आशीर्वाद दें और सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएँ। यदि आतंकवादी ईसाइयों का नरसंहार करना जारी रखेंगे तो मारे जाने वाले आतंकवादियों की संख्या और भी अधिक होगी।
हमले का वीडियो जारी
युद्ध विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हवाई हमलों के फुटेज जारी किए हैं। युद्ध विभाग ने कहा कि हमले पूरी रात चले और ऑपरेशन को ‘बल के माध्यम से शांति’ का प्रदर्शन बताया।
नाइजीरिया पर अमेरिका की सबसे बड़ी कार्रवाई
नाइजीरिया में यह अमेरिका की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है. यह ऑपरेशन मध्य सीरियाई शहर पलमायरा में अमेरिकी और सीरियाई बलों के एक काफिले को निशाना बनाकर इस्लामिक स्टेट के एक संदिग्ध हमलावर द्वारा किए गए हमले के कुछ दिनों बाद हुआ।
