
इस्लामाबाद धमाके पर भारत सरकार ने दी प्रतिक्रिया.
नई दिल्ली: पाकिस्तान के इस्लामाबाद में आज जुमे की नमाज के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ. यह एक आत्मघाती हमला था, जिसमें 71 से ज्यादा लोग मारे गए और 200 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हैरान करने वाली बात ये है कि ये आत्मघाती हमला रावलपिंडी स्थित पाकिस्तानी सेना मुख्यालय से महज 11 मील की दूरी पर हुआ. इस्लामाबाद के उपनगरीय इलाके तारलाई कलां में एक मस्जिद के गेट पर आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया. धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. पाकिस्तान में धमाके के बाद हाहाकार मच गया. घटना के बाद इस्लामाबाद में आपातकाल लगा दिया गया है.
भारत ने इस धमाके पर प्रतिक्रिया दी
इस्लामाबाद में हुए धमाके पर भारत की ओर से विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है. जारी बयान के अनुसार, भारत ने कहा, “आज सुबह इस्लामाबाद में मस्जिद में हुआ बम विस्फोट निंदनीय है और भारत जान-माल के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने वाली समस्याओं को गंभीरता से संबोधित करने के बजाय, अपने घरेलू संकटों के लिए दूसरों को दोषी ठहराकर खुद को भ्रमित करने का विकल्प चुन रहा है। भारत ऐसे हर आरोप को पूरी तरह से खारिज करता है, जो निराधार और निरर्थक है।”

इस्लामाबाद धमाके पर भारत सरकार का बयान.
