
24 घंटे के अंदर 3 गंभीर सड़क दुर्घटनाएं
रांची: झारखंड में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग सड़क हादसों में 8 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. मृतकों में एक 6 साल की स्कूली छात्रा भी शामिल है. ये हादसे 24 घंटे के अंदर साहिबगंज के बरहरवा, पलामू, गोड्डा और रांची में हुए हैं.
साहिबगंज के बरहरवा में 4 लोगों की मौत हो गयी
पहली घटना शुक्रवार की है, जहां बरहेट-बरहरवा मुख्य मार्ग पर एक ऑटोरिक्शा और तेल टैंकर के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. इस टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. मृतकों में एक लड़की भी शामिल है. इस मामले को लेकर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बताया कि ऑटोरिक्शा और तेल टैंकर की टक्कर में समरा साह (30), रंदनी सोरेन (30), स्कूली छात्रा शांति हेम्ब्रम (6) और ऑटोरिक्शा चालक अमल कुमार की मौत हो गई.
इस घटना के बाद तेल टैंकर का ड्राइवर गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भाग गया. इस घटना में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पलामू में 2 लोगों की मौत हो गयी
पलामू जिले के डुमरी गांव में भी सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी. मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा सड़क पर बाइक फिसलने की वजह से हुआ. इस घटना में दो लोग घायल भी हुए हैं. लेस्लीगंज एसडीपीओ मनोज कुमार झा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों की पहचान मनोज तुरी (26) और प्रेम भारती (25) के रूप में की गयी है.
बाइक सवार की मौत रांची
रांची में गुरुवार की रात बिरसा चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी. युवक की उम्र 26 साल थी. इस घटना की जानकारी जगन्नाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने दी और मृतक की पहचान भी बताई. मृतक की पहचान विवेक कुमार तिर्की के रूप में की गई है.
गोड्डा में कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत
गुरुवार की रात गोड्डा जिले में भी भीषण सड़क हादसा हुआ. यहां पोरैयाहाट थाना क्षेत्र के भटोंडा हाईवे पर एक कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. इस घटना में एक युवक की मौत हो गई. इसकी जानकारी गोड्डा डीएसपी जेपीएन चौधरी ने दी. उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान गोड्डा के हरिपुर निवासी 27 वर्षीय निरंजन मिर्धा के रूप में की गयी है.
