
सूर्यकुमार यादव
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम को खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था और टीम इंडिया ने फाइनल में पहुंचकर इसे सही साबित भी किया है। ऐसे में अब सभी की निगाहें 8 मार्च को होने वाले खिताबी मुकाबले पर हैं, जहां टीम इंडिया के पास तीसरी बार इस ट्रॉफी को जीतकर इतिहास रचने का मौका होगा. हालांकि फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड की चुनौती आसान नहीं रहने वाली है. अब तक केवल 6 देश ही टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने में सफल रहे हैं. ऐसे में न्यूजीलैंड के पास यह ट्रॉफी जीतकर 7वां देश बनने का मौका रहने वाला है। ऐसे में हम आपको बताने जा रहे हैं कि अब तक किस टीम ने टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती है.
भारतीय टीम ने 2007 और 2024 में ट्रॉफी जीती थी
साल 2007 में जब पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेला गया था तो टीम इंडिया एमएस धोनी की कप्तानी में इस टूर्नामेंट में खेली थी. इसके फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से हुआ, जिसे टीम इंडिया ने जीतकर पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की. इसके बाद टीम इंडिया को दूसरी बार ट्रॉफी जीतने के लिए 17 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा. रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2024 टी20 विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर दूसरी बार खिताब जीता।
वेस्टइंडीज ने 2012 और 2016 में खिताब जीता था
एक समय था जब वेस्टइंडीज टीम का दबदबा टी20 फॉर्मेट में देखने को मिलता था, जिसमें उन्होंने साल 2012 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती थी. इसके बाद उन्हें दूसरी बार इस खिताब को जीतने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा, जिसमें वेस्टइंडीज की टीम ने 2016 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को हराकर दूसरी बार ट्रॉफी जीती थी, जो कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया था.
इंग्लैंड ने साल 2010 और 2022 में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती थी.
इंग्लैंड की टीम अब तक दो बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने में भी सफल रही है. साल 2010 में इंग्लैंड ने फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराकर पहली बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. इसके बाद साल 2022 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर पाकिस्तानी टीम को हराकर दूसरी बार खिताब जीतने में कामयाबी हासिल की.
पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया ने एक-एक बार खिताब जीता है।
अब तक पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया केवल एक-एक बार ही टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने में सफल रहे हैं. 2009 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में पाकिस्तानी टीम ने श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी जीती थी. 2014 टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका ने फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को हराकर पहली बार यह ट्रॉफी जीती थी. 2021 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने न्यूजीलैंड की टीम को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
2007 से अब तक टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने वाली टीमें
| वर्ष | विजेता टीम | उपविजेता टीम |
| 2007 | भारत | पाकिस्तान |
| 2009 | पाकिस्तान | श्रीलंका |
| 2010 | इंगलैंड | ऑस्ट्रेलिया |
| 2012 | वेस्ट इंडीज़ | श्रीलंका |
| 2014 | श्रीलंका | भारत |
| 2016 | वेस्ट इंडीज़ | इंगलैंड |
| 2021 | ऑस्ट्रेलिया | न्यूज़ीलैंड |
| 2022 | इंगलैंड | पाकिस्तान |
| 2024 | भारत | दक्षिण अफ़्रीका |
| 2026 | ? | ? |
ये भी पढ़ें
IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में कैसी होगी अहमदाबाद की पिच, टॉस हो सकता है अहम
