
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ज़ेलेंस्की
अमेरिका के फ्लोरिडा में यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की और डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुलाकात हुई. इस बैठक में रूस और यूक्रेन युद्ध और शांति वार्ता पर चर्चा हुई. दोनों शीर्ष नेताओं की मुलाकात के बाद ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन शांति वार्ता 95 फीसदी सफल रही है. रूस के कब्जे वाली जमीन को लेकर दिक्कत है. बेहतर होगा कि दोनों देश अभी समझौता कर लें।
जानिए ट्रंप ने क्या कहा?
इसके साथ ही संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कुछ ऐसा कहा, जिससे ज़ेलेंस्की हंस पड़े. मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘पुतिन यूक्रेन को सफल देखना चाहते हैं।’ ट्रंप की ये बातें सुनकर पास खड़े यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की हंसने लगे. इस पल का वीडियो कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ज़ेलेंस्की का बयान भी सामने आया
फ्लोरिडा में ट्रंप से मुलाकात के बाद जेलेंस्की का बयान भी सामने आया है. ज़ेलेंस्की ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘सबसे पहले मैं राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देना चाहता हूं. उनके घर पर एक अहम बैठक हुई. इस दौरान हमने सभी विषयों पर गहराई से चर्चा की और हम हाल के हफ्तों में अमेरिकी और यूक्रेनी टीमों द्वारा की गई प्रगति की सराहना करते हैं।
20 सूत्रीय शांति योजना पर 90 फीसदी सहमति बनी
ज़ेलेंस्की ने आगे कहा, ‘हमने शांति ढांचे के सभी पहलुओं पर चर्चा की है। 20 सूत्री शांति योजना पर 90 फीसदी सहमति बन चुकी है. यूएस-यूक्रेन सुरक्षा गारंटी पर 100 प्रतिशत और यूएस-यूरोप-यूक्रेन सुरक्षा गारंटी पर लगभग सहमति है। सैन्य आयाम पर 100 फीसदी सहमति है.
यूक्रेन शांति के लिए तैयार- ज़ेलेंस्की
ज़ेलेंस्की ने कहा, “समृद्धि योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है और हमने आगे की कार्रवाइयों के क्रम पर भी चर्चा की।” हम इस बात पर सहमत हुए कि सुरक्षा गारंटी स्थायी शांति प्राप्त करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और हमारी टीमें सभी पहलुओं पर काम करना जारी रखेंगी। यूक्रेन शांति के लिए तैयार है. हम जनवरी में फिर बात करेंगे.
