
प्रतीकात्मक तस्वीर
उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अगले तीन दिनों (31 जनवरी से 2 फरवरी 2026) तक पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश जारी रहेगी. दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ तेज हवाएं और घना कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है।
बारिश और तूफ़ान का पूर्वानुमान
दिल्ली में शुक्रवार को ठंड से थोड़ी राहत मिली, क्योंकि अधिकतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. दिल्ली में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा. हालांकि, ये राहत सिर्फ कुछ दिनों के लिए है, क्योंकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के दौरान बारिश और आंधी की भविष्यवाणी की है.
पालम में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है. जबकि अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 4.7 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रिज पर अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड पर 22.1 डिग्री, आया नगर में 21.6 डिग्री और पालम में 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री, लोधी रोड और आया नगर में 7.6 डिग्री और रिज में 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा.
आसमान में बादल छाये रहेंगे
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बाद दोपहर या शाम तक आसमान में आमतौर पर बादल छा सकते हैं। सुबह के समय कई स्थानों पर मध्यम और कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहने की संभावना है.
30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी
मौसम विभाग के मुताबिक, रात के दौरान गरज के साथ बहुत हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. शनिवार को अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है.
इन राज्यों में भी होगी बारिश
31 जनवरी की रात से 2 फरवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ छिटपुट ओलावृष्टि और आंधी की संभावना है। आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) और आंधी के साथ बारिश की आशंका है.
दिल्ली का AQI
इस बीच, शुक्रवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 253 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। विभाग के मुताबिक, शाम को राष्ट्रीय राजधानी के 22 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में और चार केंद्रों पर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही. सबसे ज्यादा AQI (318) वजीरपुर में दर्ज किया गया. बारिश के पूर्वानुमान के बावजूद आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता और खराब होने की आशंका है. वायु गुणवत्ता चेतावनी प्रणाली के अनुसार, 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की उम्मीद है।
