
रोहिणी में 25 राउंड फायरिंग, जांच में जुटे अधिकारी
नई दिल्ली: शुक्रवार शाम दिल्ली के रोहिणी में गोलियों की ऐसी गूंज सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. रोहिणी के सेक्टर-24 के बेगमपुर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर के घर के बाहर खड़ी कार पर 25 राउंड फायरिंग की। इसके बाद बदमाश मौके से भाग गए।
पुलिस के मुताबिक, यह हमला 3 करोड़ रुपये की फिरौती से जुड़ा है. तीन दिन पहले इलाके के प्रॉपर्टी डीलर से अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल और मैसेज भेजकर तीन करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी. मांग पूरी न होने पर गैंगस्टर ने डराने के लिए इस हमले को अंजाम दिया. पुलिस ने इस मामले में रंगदारी और फायरिंग की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश कर रही है।
घटना को अंजाम हिमांशु भाऊ गैंग के गुर्गों ने दिया
गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन घर के बाहर खड़ी नीले रंग की टोयोटा इनोवा कार के फ्रंट विंडशील्ड पर लगी गोलियों के निशान बता रहे हैं कि बदमाशों के इरादे कितने खतरनाक थे. फायरिंग की इस घटना को हिमांशु भाऊ गैंग के गुर्गों ने अंजाम दिया है. फायरिंग का मकसद किसी को मारना नहीं बल्कि डराना था.
घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें एक लाल रंग की बाइक सोसायटी के अंदर जाती दिख रही है। उस पर तीन लोग सवार थे. पुलिस का कहना है कि ये वही तीन बदमाश हैं जिन्होंने वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस अब सीसीटीवी के जरिए बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.
पुलिस के मुताबिक, 26 दिसंबर से 29 दिसंबर के बीच इस गैंग ने इलाके के एक प्रॉपर्टी डीलर और गत्ता कारोबारी से 3 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी. यह फिरौती एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कई बार व्हाट्सएप कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए मांगी गई थी। फोन करने वाले अपराधी ने फिरौती की रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी. कारोबारी ने पहले पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी थी लेकिन फायरिंग के बाद अब पुलिस ने रंगदारी और फायरिंग का मामला दर्ज किया है.
फायरिंग के वक्त मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बदमाशों ने सोसायटी में घुसते ही फायरिंग शुरू कर दी. हालांकि, जिस गाड़ी पर फायरिंग की गई, वह गाड़ी उस कारोबारी की नहीं थी, जिससे 3 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी. बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने जानबूझकर सिर्फ गाड़ी को निशाना बनाया. फरार होने के तुरंत बाद कारोबारी को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय नंबर से धमकी भरा मैसेज मिला, जिसमें कहा गया कि यह एक ट्रेलर है. मैसेज में उनकी पत्नी और बेटी को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस की क्राइम और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.
