
इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैच
एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हरा दिया. मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को दूसरे दिन जीत के लिए 175 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे इंग्लैंड ने आसानी से हासिल कर लिया. ये मैच महज दो दिन में ही खत्म हो गया, जहां गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला और शुरू से लेकर अंत तक विकेटों की झड़ी लगी रही. इसके बाद कई लोगों ने पिच की आलोचना भी की. अब मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के मुख्य क्यूरेटर मैथ्यू पेज भी टेस्ट मैच के पहले दिन 20 विकेट गिरने से हैरान हैं.
यह बात पिच क्यूरेटर ने कही
पिच क्यूरेटर मैथ्यू पेज ने कहा, “पहले दिन के बाद मैं सदमे में था। हमें निराशा है कि यह मैच केवल दो दिन ही चला। यह एक रोमांचक टेस्ट मैच था लेकिन यह ज्यादा देर तक नहीं चला। हम इससे सबक लेंगे और अगले साल बेहतर विकेट तैयार करने की पूरी कोशिश करेंगे। मैं पहले कभी ऐसे टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं रहा और उम्मीद है कि मैं भविष्य में भी कभी ऐसे टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं बनूंगा।”
घास बहुत लंबी छोड़ दी गई थी: मैथ्यू पेज
मैथ्यू पेज ने कहा कि हम जानते हैं कि यह मैच हमारी योजना के मुताबिक नहीं हुआ. हमें उम्मीद थी कि पूरे चार-पांच दिन गेंद और बल्ले के बीच संतुलन बना रहेगा ताकि इस मैच का रोमांचक अंत हो सके. हमने घास को अधिक समय तक छोड़ दिया क्योंकि हम जानते थे कि अंततः मौसम गर्म होने वाला है, इसलिए हमें घास की आवश्यकता थी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को नुकसान होने की आशंका
एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मैच दो दिन में खत्म होने से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को 10 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से ज्यादा का नुकसान होने की आशंका है, क्योंकि तीसरे दिन के काफी सारे टिकट बिक गए थे. इंग्लैंड की टीम 2011 के बाद से ऑस्ट्रेलियाई धरती पर कोई टेस्ट मैच नहीं जीत पाई थी। मैच में इंग्लैंड के लिए जोस टोंग सबसे बड़े हीरो साबित हुए और उन्होंने मैच में कुल 7 विकेट लिए। उनके अच्छे खेल के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला।
(इनपुट: पीटीआई)
यह भी पढ़ें:
बाबर, शाहीन टी20 टीम से बाहर, पाकिस्तानी टीम का ऐलान; इस खिलाड़ी को पहली बार मिली जगह
इस खिलाड़ी ने महिला टी20 क्रिकेट में लगाया संयुक्त सबसे तेज अर्धशतक, बड़े रिकॉर्ड की बराबरी की
