
रणवीर सिंह।
आदित्य धर द्वारा निर्देशित एक्शन-स्पाई थ्रिलर धुरंधर ने अपनी रिलीज के साथ साबित कर दिया कि यह सिर्फ एक बड़ी फिल्म नहीं है बल्कि बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने आई है। 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में आई इस फिल्म ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि ऐसे रिकॉर्ड भी बनाए जो इससे पहले किसी हिंदी फिल्म ने नहीं बनाए थे. पहले तीन हफ्तों में ही धुरंधर की रफ्तार ने साफ संकेत दे दिया कि वह लंबी रेस का घोड़ा हैं. रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने महज चार हफ्तों में 739 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर’ का बजट 250 से 300 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है, ऐसे में फिल्म की कमाई इसे काफी प्रॉफिटेबल प्रोजेक्ट बनाती है।
लगातार 28 दिनों तक डबल डिजिट में कमाई
धुरंधर रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में गिनी जा रही है. फिल्म ने भारत में लगातार 28 दिनों तक डबल डिजिट में कलेक्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले कोई भी हिंदी फिल्म इतने लंबे समय तक इतनी स्थिर दैनिक आय अर्जित नहीं कर पाई थी. यही वजह है कि ट्रेड सर्किल में इसे अब सिर्फ हिट नहीं बल्कि ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर माना जा रहा है। फिल्म की शुरुआत पहले दिन से ही दमदार रही. शुरुआती सप्ताहांत में इसमें जबरदस्त उछाल आया और सप्ताह के दिनों में भी इसकी गति धीमी नहीं हुई। दूसरे और तीसरे हफ्ते में सिनेमाघरों में उमड़ी भीड़ ने साबित कर दिया कि फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ है. भले ही समीक्षकों की राय मिली-जुली रही, लेकिन आम दर्शकों ने फिल्म को दिल से स्वीकार किया।
2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म
धुरंधर के हिंदी वर्जन ने भारत में अब तक 700 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1100 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। इन आंकड़ों के साथ यह फिल्म 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह आने वाले दिनों में कई और ऑल टाइम बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स को चुनौती दे सकती है।
कहानी, कंटेंट और दमदार स्टारकास्ट
धुरंधर की कहानी एक भारतीय जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है जो पाकिस्तान के कराची में अपराध और राजनीति की खतरनाक दुनिया में घुसपैठ करता है। फिल्म में 1999 IC-814 अपहरण, संसद हमला, 26/11 जैसी प्रमुख भू-राजनीतिक घटनाओं से प्रेरित तत्व शामिल हैं। यही वजह है कि फिल्म में सस्पेंस, भावनात्मक गहराई और देशभक्ति का संतुलित मिश्रण देखने को मिलता है. रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे अनुभवी कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को और मजबूत बनाती है। कई सेलिब्रिटीज और फिल्ममेकर्स ने भी फिल्म की तारीफ की है. खासकर राम गोपाल वर्मा का वह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने धुरंधर को एक ऐसी फिल्म बताया जो न सिर्फ ध्यान खींचती है बल्कि दर्शकों को पूरी तरह बांधे रखती है.
यह भी पढ़ें: ‘सैराट’ की ज़िंगाट गर्ल याद है? अपनी अदाओं से मचाया तहलका, 10 साल बाद एक साधारण लड़की बन गई गजब की खूबसूरत.
