
प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज के माघ मेले में पौष पूर्णिमा का स्नान शनिवार को होगा. पौष पूर्णिमा के स्नान के साथ ही माघ मेले की भी औपचारिक शुरुआत हो जाएगी. पौष पूर्णिमा पर स्नान के लिए संगम तट के आसपास कुल 10 स्नान घाट बनाए गए हैं. इस बार माघ मेले की खास बात यह है कि स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को ज्यादा पैदल नहीं चलना पड़ेगा. पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के बाद श्रद्धालु रैपिडो से घाट तक पहुंच सकते हैं।
लाखों श्रद्धालु स्नान करेंगे
मेला प्रशासन का मानना है कि पौष पूर्णिमा पर करीब 25 से 30 लाख श्रद्धालु स्नान करने आयेंगे. प्रयागराज मंडल की कमिश्नर सौम्या अग्रवाल और मेले से जुड़े अधिकारियों ने माघ मेले और स्नान को लेकर की गई सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है.
पौष पूर्णिमा का स्नान सुबह से ही शुरू हो जाएगा. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने भी पूरी व्यवस्था की है. माघ मेले में कुल 9 पांटून पुल बनाए गए हैं. इसके दोनों छोर पर पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। इसके अलावा सुरक्षा कारणों से मेले के प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग की गई है और फोर्स निगरानी कर रही है.
पूरा मेला सीसीटीवी की निगरानी में है.
पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने बताया कि पूरे माघ मेले में थाना प्रभारियों और सेक्टर वाइज एसीपी की नियुक्ति की गई है. पूरा मेला सीसीटीवी की निगरानी में है, जो एआई सुविधा से लैस है। इसके अलावा ट्रैफिक और भीड़ को देखते हुए शहर में कई रूट डायवर्ट प्लान भी लागू किए जा रहे हैं. सीपी जोगेंद्र कुमार के मुताबिक, श्रद्धालुओं को अच्छे अनुभव के साथ प्रयागराज से निकलना चाहिए. इसके लिए पुलिस हरसंभव प्रयास करेगी.
