
प्रांजल दहिया.
हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की पॉपुलर कलाकार प्रांजल दहिया इन दिनों सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। वजह है उनका एक लाइव परफॉर्मेंस वीडियो, जो हाल ही में इंटरनेट पर वायरल हो गया है. इस वीडियो ने न सिर्फ प्रशंसकों का ध्यान खींचा है, बल्कि लाइव इवेंट के दौरान कलाकारों की सुरक्षा, दर्शकों के व्यवहार और आयोजकों की जिम्मेदारियों को लेकर एक नई बहस भी छेड़ दी है. इस वीडियो के वायरल होने के बाद कई लोग प्रांजल दहिया की तारीफ कर रहे हैं तो कई लोगों का कहना है कि उन्होंने मीडिया अटेंशन के लिए ऐसा किया है.
प्रांजल ने शो बीच में ही रोक दिया
वायरल हो रहे फुटेज में देखा जा सकता है कि प्रांजल दहिया स्टेज पर परफॉर्म कर रही हैं, तभी अचानक वह अपना शो बीच में ही रोक देती हैं. फिर वह सीधे दर्शकों की ओर मुड़ती है और भीड़ में से एक व्यक्ति को उसके कथित अनुचित व्यवहार के लिए फटकार लगाती है। बताया जा रहा है कि यह घटना किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, परफॉर्मेंस के दौरान भीड़ में एक शख्स के व्यवहार ने प्रांजल को असहज कर दिया। आमतौर पर कलाकार ऐसी स्थितियों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन प्रांजल ने ऐसा करने से इनकार कर दिया. उन्होंने मंच से ही साफ शब्दों में अपनी नाराजगी जाहिर की और दर्शकों को शालीनता और मर्यादा बनाए रखने की सलाह दी.
यहां देखें वीडियो
प्रांजल ने क्या कहा?
वीडियो में प्रांजल को ये कहते हुए सुना जा सकता है कि दर्शकों को ये समझना चाहिए कि स्टेज पर परफॉर्म करने वाली कलाकार किसी की बहन या बेटी की उम्र की हो सकती है. उन्होंने भावुक लेकिन दृढ़ भाव से कहा, ‘आप लोगों को यह सोचना चाहिए कि आपकी बहन और बेटी यहां खड़ी हैं, इसलिए ठीक से व्यवहार करें।’ इसके बाद उसने उस शख्स की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘अंकल, मैं आपकी बेटी की उम्र की हूं। अपने आप पर थोड़ा नियंत्रण रखें.
वीडियो हुआ वायरल
प्रांजल दहिया के इस रुख को सोशल मीडिया पर कई लोगों ने पसंद किया है. बड़ी संख्या में यूजर्स ने उनके साहस और स्वाभिमान की सराहना की है और कहा है कि कलाकारों को ऐसे हालात में चुप नहीं रहना चाहिए. वहीं, कुछ लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों होती हैं और आयोजक पहले से बेहतर इंतजाम क्यों नहीं करते. फिलहाल इस पूरे मामले पर प्रांजल दहिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद कार्यक्रम आयोजकों की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स मांग कर रहे हैं कि लाइव शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए, ताकि कलाकार बिना किसी डर या परेशानी के परफॉर्म कर सकें.
यह भी पढ़ें: पहले ही ऑडिशन में गजब दिखीं कृति सेनन, एक बात साफ कर दी थी एक्टिंग देखकर आप भी कहेंगे- आपदा में अवसर ढूंढ लिया!
