
अमेरिका बनाम पाकिस्तान
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की टीम अपना दूसरा मैच अमेरिका के खिलाफ खेलेगी. इस मैच से पहले अमेरिका की टीम की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. पाकिस्तान के खिलाफ 10 फरवरी को होने वाले अहम मुकाबले से पहले अमेरिका को बड़ा झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज जसदीप सिंह कंधे की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. 32 साल के जसदीप सिंह को ये चोट 5 फरवरी को मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए वॉर्मअप मैच के दौरान लगी थी. जसदीप इस मैच में एक भी गेंद नहीं फेंक सके. इसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ यूएसए के पहले टी20 वर्ल्ड कप मैच में भी वह टीम का हिस्सा नहीं बन सके.
एहसान आदिल को मौका मिला
आईसीसी ने जसदीप सिंह के स्थान पर एहसान आदिल को यूएसए टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। एहसान आदिल पहले पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं. उन्होंने पाकिस्तान के लिए तीन टेस्ट और 6 वनडे मैच खेले हैं, हालांकि उन्होंने अभी तक यूएसए के लिए कोई आधिकारिक मैच नहीं खेला है।
आईसीसी की ओर से जारी बयान में कहा गया है- आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने जसदीप सिंह की जगह एहसान आदिल को यूएसए टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है. 5 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए प्रैक्टिस मैच के दौरान जसदीप सिंह के दाहिने कंधे में चोट लग गई थी. दिलचस्प बात यह है कि एहसान आदिल अपना पहला मैच अपने ही देश पाकिस्तान के खिलाफ खेल सकते हैं. अमेरिका और पाकिस्तान के बीच यह मैच सिंहली स्पोर्ट्स क्लब यानी एसएससी, कोलंबो में खेला जाएगा।
अमेरिका पर संकट मंडरा रहा है
जसदीप सिंह के अलावा अमेरिका के दो अन्य तेज गेंदबाज भी चोट की समस्या से जूझ रहे हैं. भारत के खिलाफ मैच में अली खान और शुभम रंजन दोनों घायल हो गए थे. अली खान को फील्डिंग के दौरान चोट लगी, जबकि शुभम रंजन उनके ओवर के दौरान चोटिल हो गए. चोटिल होने से पहले दोनों गेंदबाजों ने दो-दो ओवर फेंके थे, लेकिन इसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. अब पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उनकी उपलब्धता पर संशय है. यूएसए टीम लगातार चोटों के कारण संतुलन से जूझ रही है, खासकर तेज गेंदबाजी विभाग में। पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मैच से पहले ये स्थिति अमेरिका के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है.
यूएसए की टी20 विश्व कप 2026 टीम: मोनांक पटेल (कप्तान और विकेटकीपर), एंड्रीज़ गॉस, शाहन जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शायान जहांगीर, सैतेजा मुक्कमाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्टुश केंज़िगे, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रावलकर, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजन, अली खान, एहसान आदिल।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान के सामने बड़ा संकट, पोंटिंग और शास्त्री ने बाबर आजम की बल्लेबाजी पर उठाए गंभीर सवाल
