
बांग्लादेश क्रिकेट
ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में होने वाले टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम भेजने से इनकार कर दिया है। बीसीबी ने इसके पीछे खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. भारत और बांग्लादेश के बीच बिगड़ते राजनीतिक संबंधों के माहौल में यह फैसला लिया गया है.
इस घटनाक्रम को लेकर बीसीबी ने आईसीसी को पत्र भी लिखा है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी. बयान में कहा गया है कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 से संबंधित हालिया घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के निदेशक मंडल की एक आपातकालीन बैठक आज दोपहर आयोजित की गई, जिसकी भारत और श्रीलंका संयुक्त मेजबानी करने जा रहे हैं। बोर्ड ने पिछले 24 घंटों के घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए स्थिति की विस्तार से समीक्षा की और भारत में होने वाले मैचों में बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम की भागीदारी से संबंधित सभी परिस्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
बीसीबी ने आईसीसी से की अपील
बोर्ड ने बयान में आगे कहा कि मौजूदा स्थिति का पूरी तरह से आकलन करने और भारत में बांग्लादेशी दल की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं और बांग्लादेश सरकार की सलाह पर विचार करने के बाद, निदेशक मंडल ने फैसला किया है कि मौजूदा परिस्थितियों में बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम टूर्नामेंट के लिए भारत की यात्रा नहीं करेगी। इस फैसले के मद्देनजर बीसीबी ने इवेंट अथॉरिटी के तौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी से औपचारिक रूप से अनुरोध किया है कि वह बांग्लादेश के सभी मैचों को भारत के बाहर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने पर विचार करें।
बोर्ड का मानना है कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, बोर्ड सदस्यों और अन्य हितधारकों की सुरक्षा और भलाई के लिए और यह सुनिश्चित करने के लिए कि टीम सुरक्षित और उचित वातावरण में टूर्नामेंट में भाग ले सके, ऐसी कार्रवाई आवश्यक है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि आईसीसी स्थिति को समझेगी और इस मामले पर जल्द से जल्द प्रतिक्रिया देगी.
मुस्ताफिजुर रहमान की आईपीएल से छुट्टी
हाल ही में बीसीसीआई के निर्देश पर आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था. इस घटना के बाद बीसीबी ने भारत दौरे को लेकर गंभीर आपत्ति जताई और खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता मानते हुए सख्त रुख अपनाया. गौरतलब है कि बांग्लादेश टीम को अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में अपने पहले तीन मैच कोलकाता में खेलने थे. हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए बीसीबी का मानना है कि मौजूदा हालात उनके खिलाड़ियों के लिए अनुकूल नहीं हैं.
