
मोहम्मद यूनुस
ढाका: बांग्लादेश के अंतरिम नेता मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को ढाका में अपने पद से इस्तीफे की घोषणा की. उन्होंने यह घोषणा तारिक रहमान की बीएनपी सरकार के गठन से एक दिन पहले की. गौरतलब है कि तारिक रहमान का शपथ ग्रहण समारोह 17 फरवरी को होना है.
मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को राष्ट्र के नाम अपने विदाई संबोधन में पद छोड़ दिया और निर्वाचित सरकार को सत्ता सौंप दी। मोहम्मद यूनुस ने अपने संबोधन में कहा, “आज अंतरिम सरकार पद छोड़ रही है. लेकिन लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों की जो प्रक्रिया शुरू हुई है उसे रोका नहीं जाना चाहिए.”
उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश अब “दबावदार” देश नहीं है और देशों के साथ उसके संबंध आपसी सम्मान और राष्ट्रीय हित पर आधारित होंगे। इस्तीफे के साथ, यूनुस ने अब आधिकारिक तौर पर तारिक को सत्ता सौंप दी है, इससे पहले उन्होंने पिछले सप्ताह के चुनावों में बीएनपी की “जबरदस्त जीत” पर उन्हें बधाई दी थी।
शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश का नेतृत्व मोहम्मद यूनुस कर रहे थे.
गौरतलब है कि साल 2024 में जब शेख हसीना की सरकार गिरी तो मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश के अंतरिम नेता के तौर पर देश की कमान संभाली. वह बांग्लादेश के “मुख्य सलाहकार” के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे थे।
हाल के चुनावों में बीएनपी को जीत मिली है
बांग्लादेश में हाल ही में हुए चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके नेता तारिक रहमान ने जीत हासिल की है. तारिक रहमान का शपथ ग्रहण समारोह 17 फरवरी को होना है. वह मंगलवार को नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 13वें संसदीय चुनाव में 297 में से 209 सीटें जीतीं, जबकि दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी ने 68 सीटें हासिल कीं। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया।
लंबे समय से चली आ रही परंपरा को तोड़ते हुए 60 वर्षीय बीएनपी अध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह बंगभवन के बजाय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा। सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने सोमवार को खबर दी कि राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन मंगलवार दोपहर जातीय संसद के साउथ प्लाजा में नए कैबिनेट सदस्यों को शपथ दिलाएंगे.
