
अनंत सिंह की पत्नी और दोनों बेटों ने सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की
पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह जेल में हैं लेकिन उनका परिवार उन्हें जेल से बाहर निकालने की पूरी कोशिश कर रहा है. दरअसल, अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी और दोनों बेटे (अभिषेक और अंकित) ने सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की है. हालांकि, कहा जा रहा है कि यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी.
विधानसभा चुनाव 2025 में अनंत सिंह की जीत के बाद यह पहला मौका है, जब अनंत सिंह के परिवार ने सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की. आपको बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हुई दुलारचंद यादव की हत्या मामले में अनंत सिंह पटना के बेउर जेल में बंद हैं.
शनिवार को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाकात की थी
अनंत सिंह की पत्नी और दोनों बेटों ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से भी मुलाकात की थी. अनंत सिंह ललन सिंह के करीबी माने जाते हैं. ऐसे में चर्चा शुरू हो गई थी कि अनंत सिंह के परिवार ने उन्हें जेल से बाहर निकालने के लिए ललन सिंह से मुलाकात की थी.
जमानत याचिका खारिज कर दी गई है
अनंत सिंह बिहार चुनाव के दौरान हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में जेल में हैं. हाल ही में दायर की गई उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई. एमपी-एमएलए कोर्ट ने इस जमानत याचिका को खारिज कर दिया था. बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद ऐसा लग रहा था कि अनंत जल्द ही जेल से बाहर आ जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
इसीलिए चर्चा है कि अनंत का परिवार बड़े नेताओं से मिल रहा है, ताकि उन्हें जेल से बाहर निकाला जा सके.
गौरतलब है कि अनंत सिंह मीडिया में भी काफी चर्चा में रहते हैं. वह मोकामा से विधायक हैं लेकिन उन्हें पूरे देश में लोग जानते हैं। वह अपने बयानों और हाजिरजवाबी के लिए भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल होते हैं.
