
बेगूसराय में पुलिस के हत्थे चढ़ा फर्जी डीएसपी
बेगुसराय: बिहार के बेगुसराय से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक फर्जी डीएसपी पुलिस के हत्थे चढ़ा है. इस डीएसपी इंस्पेक्टर ने बहाली के नाम पर 19 लाख रुपये की ठगी की थी.
क्या है पूरा मामला?
बेगूसराय में तेघड़ा थाने की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक मुन्ना भाई को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि पुलिस उक्त आरोपी करण कुमार की गिरफ्तारी के लिए काफी दिनों से प्रयासरत थी और आज तेघड़ा थाने की पुलिस को इस मामले में सफलता मिली है.
आरोप है कि रिफाइनरी थाना क्षेत्र के मोसादपुर निवासी करण कुमार फर्जी डीएसपी बनकर खुद को औरंगाबाद जिले में पदस्थापित बता कर ठगी करता था.
तेघड़ा थाना क्षेत्र के बनहारा निवासी अभिषेक कुमार ने करण कुमार पर मामला दर्ज कराया था कि इंस्पेक्टर बहाली के नाम पर करण कुमार ने उनसे चेक, ऑनलाइन पेमेंट व अन्य माध्यम से 19 लाख 40 हजार रुपये लिये थे.
अभिषेक कुमार के मुताबिक यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात लाइन स्थित एक होटल में करण कुमार से हुई, जब वह सब-इंस्पेक्टर की वर्दी में बाइक चला रहा था और बातचीत के दौरान उसने अभिषेक कुमार की बेरोजगारी का फायदा उठाते हुए उसे सब-इंस्पेक्टर भर्ती में पास कराने का प्रलोभन दिया और धीरे-धीरे उससे मोटी रकम वसूल ली.
लेकिन बाद में धीरे-धीरे करण कुमार ने अभिषेक कुमार का मोबाइल फोन उठाना भी बंद कर दिया. इसके बाद वे एक बार फिर गौरा के पास मिले, जहां करण कुमार ने अभिषेक कुमार के साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक गाली भी दी.
इस मामले के बाद अभिषेक कुमार ने तेघड़ा थाने में करण कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था. बीती शाम तेघड़ा थाने को सूचना मिली थी कि करण कुमार अपने घर पर मौजूद है. इसके बाद पुलिस ने करण कुमार को घेर लिया और हिरासत में ले लिया. फिलहाल पुलिस करण कुमार से पूछताछ कर रही है और उसके रिकॉर्ड भी खंगाल रही है. (इनपुट: बेगुसराय से संतोष श्रीवास्तव)
