
प्रतीकात्मक फोटो
पूरे देश में बहुत ठंड पड़ रही है. मध्य प्रदेश का भोपाल भी इससे अछूता नहीं है. ऐसे में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शीतलहर और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्कूल के समय में बड़ा बदलाव किया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने जिले के सभी स्कूलों के संचालन समय में तत्काल प्रभाव से संशोधन करने का आदेश जारी किया है। जारी आदेश के मुताबिक, नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूल अब सुबह 9:30 बजे से पहले नहीं खुलेंगे. यह निर्णय ठंड के मौसम में छोटे बच्चों को स्वास्थ्य जोखिमों से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।

भोपाल के स्कूलों का बदला गया समय
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश केवल सरकारी स्कूलों तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भोपाल जिले के सभी निजी स्कूलों, सीबीएसई, आईसीएसई, अनुदान प्राप्त स्कूलों और मदरसों पर भी समान रूप से लागू होगा। आदेश का पालन सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए अनिवार्य होगा. प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन से निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के साथ ही बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोपरि रखने की अपील की है.
बिहार की राजधानी में भी स्कूल बंद
वहीं, हाल ही में बिहार के पटना में ठंड और घने कोहरे के कारण जिला प्रशासन ने कक्षा 5 तक के स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है. इसमें सभी निजी और सरकारी स्कूलों के साथ-साथ प्री-स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र भी शामिल हैं. पांचवीं कक्षा से ऊपर की कक्षाओं के लिए पढ़ाई सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक होगी. यह नियम प्री-बोर्ड परीक्षाओं हेतु आयोजित विशेष कक्षाओं/परीक्षाओं पर लागू नहीं होगा।
पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने इस संबंध में आदेश जारी किया था, जिसके मुताबिक कक्षा 6 और उससे ऊपर के छात्रों के लिए स्कूल और कॉलेज का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक कर दिया गया है. आपको बता दें कि यह निर्देश पहले 2 जनवरी तक वैध था, जिसे अब 5 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है.
