
मंदिर के अंदर चोरी करते दिखे चोर
आगर मालवा: मध्य प्रदेश के आगर मालवा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के प्रसिद्ध वासुपूज्य तारक धाम जैन मंदिर में देर रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. यह घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें चोर चोरी करते नजर आ रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
आगर मालवा के वासुपूज्य तारक धाम जैन मंदिर में देर रात हुई चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. मंदिर में घुसे दो बदमाश दानपात्र तोड़ते और नकदी चुराते साफ नजर आ रहे हैं। इस घटना में एक लाख रुपये से अधिक की चोरी होने की बात बतायी जा रही है.
मामला वासुपूज्य तारक धाम जैन मंदिर का है. यहां शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात दो अज्ञात बदमाश परिसर में घुस आए। पहले वे यहां-वहां रेकी करते हैं और फिर दान पेटियों को निशाना बनाते हैं।
कुछ ही मिनटों में बदमाश दो दानपात्र तोड़कर नकदी निकाल लेते हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी है और बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
मंदिर में चोरी से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया
मंदिर में हुई इस चोरी से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. लोगों का कहना है कि इलाके में चोरों के हौंसले बुलंद हैं और उन्हें पुलिस-प्रशासन का कोई डर नहीं है. इस घटना से इलाके की पुलिस भी सवालों के घेरे में है.
खबर लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, वहीं श्रद्धालु गुस्से में हैं और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं. अब देखना यह है कि आगर मालवा पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और चोरी गई रकम बरामद करने में कितना समय लेती है. (इनपुट: राम यादव)
