
मिचेल स्टार्क
एशेज 2025-26 का 5वां और आखिरी टेस्ट मैच सिडनी में चल रहा है. पहले दिन बारिश के कारण सिर्फ 45 ओवर का खेल हो सका. हालांकि, दूसरे दिन पूरा खेल बिना बारिश के हुआ. जो रूट के शानदार शतक की बदौलत इंग्लैंड की टीम 384 रन बनाने में सफल रही. रूट ने 160 रनों की पारी खेली और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भी सिडनी टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड के खिलाफ बड़ी उपलब्धि हासिल की. स्टार्क ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को आउट कर भारतीय दिग्गज रविचंद्रन अश्विन का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया।
14वीं बार शिकार किया
आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर मौजूद स्टार्क ने मैच के पहले दिन एक विकेट लिया, जबकि दूसरे दिन की सुबह उन्होंने इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स को पवेलियन भेजा। 51वें ओवर की पांचवीं गेंद पर स्टोक्स एलेक्स कैरी के हाथों कैच आउट हो गए और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। 2025-26 एशेज सीरीज में यह पांचवीं बार था जब स्टार्क ने स्टोक्स को अपना शिकार बनाया। इसके साथ ही स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में अब तक स्टोक्स को 14 बार आउट किया है, जो किसी भी गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा बार आउट करने का रिकॉर्ड है। इस उपलब्धि के साथ स्टार्क ने रविचंद्रन अश्विन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। अश्विन ने अपने 14 साल लंबे टेस्ट करियर में स्टोक्स को 13 बार आउट किया था। टेस्ट क्रिकेट में बेन स्टोक्स को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में स्टार्क और अश्विन के बाद नाथन लियोन (10 विकेट) और रवींद्र जड़ेजा (8 विकेट) का नाम आता है।
बेन स्टोक्स को टेस्ट में सबसे ज्यादा बार आउट करने वाला गेंदबाज
- मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया)- 14
- रविचंद्रन अश्विन (भारत) – 13
- नाथन लियोन (ऑस्ट्रेलिया) – 10
- रवीन्द्र जड़ेजा (भारत)- 8
इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स का विकेट मौजूदा एशेज सीरीज में स्टार्क का 28वां विकेट था, जबकि टेस्ट क्रिकेट में उनके कुल विकेटों की संख्या अब 430 हो गई है. स्टार्क अब टेस्ट में इतिहास रचने से कुछ ही विकेट दूर हैं. दरअसल, सिडनी टेस्ट में चार और विकेट लेते ही स्टार्क श्रीलंका के पूर्व लेफ्ट आर्म स्पिनर रंगना हेराथ को पीछे छोड़कर टेस्ट के सबसे सफल लेफ्ट आर्म गेंदबाज बन जाएंगे। वर्तमान में, हेराथ 93 टेस्ट मैचों में 433 विकेट के साथ टेस्ट इतिहास में सबसे सफल बाएं हाथ के गेंदबाज हैं।
यह भी पढ़ें:
बड़ी खबर! अचानक बदला कप्तान, श्रेयस अय्यर को मिली टीम की कमान, दमदार खिलाड़ी बाहर!
सिडनी टेस्ट के दूसरे दिन बेन स्टोक्स और मार्नस लाबुशेन के बीच तीखी नोकझोंक, वीडियो वायरल
