
गस एटकिंसन
बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम को हार का सामना करना पड़ा. इंग्लैंड ने यह मैच 4 विकेट से जीत लिया. इसके साथ ही इंग्लैंड ने इस एशेज टेस्ट सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज की. हालांकि, मेलबर्न में खेले गए इस मैच में जीत दर्ज करने के बाद सिडनी में खेले जाने वाले आखिरी टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मेलबर्न में खेले गए चौथे टेस्ट मैच के दौरान इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन चोटिल हो गए, जिसके कारण वह मैच के दूसरे दिन मैदान से बाहर चले गए। अब यह कहना मुश्किल लग रहा है कि वह पांचवें टेस्ट मैच में खेलेंगे या नहीं.
गेंदबाजी करते समय एटकिंसन को दिक्कत का सामना करना पड़ा
दरअसल, जब गस एटकिंसन अपने स्पेल का पांचवां ओवर डाल रहे थे तो उन्हें हैमस्ट्रिंग में दिक्कत महसूस हुई. इसके बाद वह तुरंत मैदान छोड़कर बाहर चले गए. इंग्लैंड क्रिकेट ने बाद में पुष्टि की कि एटकिंसन को हैमस्ट्रिंग चोट लगी है और वह मैच में आगे खेल पाएंगे या नहीं, इस पर फैसला उनकी चोट की गंभीरता को देखते हुए लिया जाएगा। बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा कि गस एटकिंसन आज सुबह अपना पांचवां ओवर फेंकने के बाद मैदान से बाहर चले गए क्योंकि उन्हें अपने बाएं हैमस्ट्रिंग में कुछ दर्द महसूस हुआ। उनकी चोट की गंभीरता अगले कुछ घंटों में दिखेगी.
जोफ्रा आर्चर की जगह एटकिंसन को मौका मिला
एटकिंसन को तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के स्थान पर अंतिम एकादश में शामिल किया गया था, जो मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में चल रहे चौथे टेस्ट से पहले साइड स्ट्रेन के कारण एशेज श्रृंखला के बाकी मैचों से बाहर हो गए थे। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए. इससे पहले पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान मार्क वुड के घुटने की चोट दोबारा उभर आई थी, जिसके कारण उन्हें इस सीरीज से बाहर होना पड़ा था.
ऑस्ट्रेलिया टीम ने एशेज सीरीज जीत ली है
ऑस्ट्रेलिया पहले तीन टेस्ट मैच जीतकर एशेज टेस्ट सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुका है. ऐसे में इंग्लैंड की टीम सिडनी में होने वाले 5वें टेस्ट को जीतना चाहेगी, ताकि टेस्ट सीरीज में हार का अंतर कम हो सके. हालाँकि, एटकिंसन की हैमस्ट्रिंग चोट की गंभीरता को लेकर इंग्लैंड क्रिकेट की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है। अब अगर वह इस मैच से बाहर होते हैं तो यह देखने वाली बात होगी कि उनकी जगह टीम में किसे शामिल किया जाता है।
ये भी पढ़ें
AUS vs ENG: स्टीव स्मिथ का टूटा 8 साल का रिकॉर्ड, बतौर कप्तान पहली बार देखना पड़ा ऐसा दिन
सिर्फ 7 गेंदें गायब थीं, नहीं तो इंग्लिश बल्लेबाज टेस्ट में वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ देता.
