
बीजेपी विधायक श्याम बिहारी लाल का निधन. (फाइल फोटो)
उत्तर प्रदेश से दुखद खबर सामने आ रही है. प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक, विधायक श्याम बिहारी लाल को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद शुक्रवार को मेडिसिटी में उनका निधन हो गया. दुखद जानकारी यह भी सामने आई है कि गुरुवार को विधायक श्याम बिहारी लाल का जन्मदिन था.
कैसे हुई विधायक की मौत?
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी विधायक श्याम बिहारी लाल को सर्किट हाउस में दिल का दौरा पड़ा. सर्किट हाउस में विधायक की तबीयत अचानक बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए एंबुलेंस से निजी अस्पताल भेजा गया. हालांकि, उन्हें बचाया नहीं जा सका और शुक्रवार को उनके निधन की खबर सामने आई।
सीएम योगी ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक श्याम बिहारी लाल के निधन पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने लिखा- “बरेली जिले के फरीदपुर विधान सभा क्षेत्र से माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। मैं प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें। ओम शांति!” (रिपोर्ट: विकास साहनी)
