
दिल्ली में कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक 28 दिसंबर की सुबह दिल्ली एनसीआर समेत अन्य इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा. वहीं, जम्मू-कश्मीर में पारा शून्य से नीचे चला गया है. कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी का नया दौर शुरू होने की संभावना है. आईएमडी के अनुसार, असम और मेघालय, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है और अरुणाचल प्रदेश, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, जम्मू क्षेत्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर और कोहरे का असर शनिवार को भी जारी रहा और राज्य में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, लखनऊ में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है. वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक 10.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में देर रात और सुबह के समय घने कोहरे का अनुमान जताया है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा.
यूपी के इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 19 डिग्री और 10 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। विभाग ने राज्यवार चेतावनी जारी करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर और पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाने का अनुमान है और ठंड की स्थिति बनी रहने की संभावना है. विभाग के मुताबिक, कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा, जिसमें गोरखपुर में 13.2 डिग्री (सामान्य से 7.4 डिग्री कम) जबकि प्रयागराज में 16.8 डिग्री (सामान्य से 6.1 डिग्री कम) दर्ज किया गया.
इन इलाकों में शीतलहर का असर
वाराणसी, बरेली, इटावा, बहराईच और बाराबंकी में भी तापमान औसत से चार से छह डिग्री नीचे रहा. राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान छह से 11 डिग्री के बीच रहा, जिसमें इटावा में 6.2 डिग्री और बाराबंकी व चुर्क में सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. विभाग ने विशेषकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के कारण सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली के कई इलाकों में AQI फिर 400 के पार, सरकार ने कहा- ‘GRAP-4 के ये 2 प्रतिबंध स्थायी रहेंगे’
अरावली मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान, CJI की अध्यक्षता में सोमवार से शुरू होगी सुनवाई
