
तेज प्रताप ने कांग्रेस पर साधा निशाना.
पटना: लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है. सोमवार को उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ‘राम विरोधी’ है और उसने हर कदम पर राम, कृष्ण और महादेव का अपमान किया है. वह बीजेपी नेता गिरिराज सिंह के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने मनरेगा का नाम बदलकर वीबी-जी राम जी एक्ट करने पर कांग्रेस के विरोध की आलोचना की थी. पत्रकारों से बात करते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा, “गिरिराज जी बिल्कुल सही कह रहे हैं. वे (कांग्रेस) राम विरोधी हैं. उन्होंने हर कदम पर राम, कृष्ण और महादेव का अपमान किया है.”
गिरिराज सिंह का समर्थन किया
आपको बता दें कि हाल ही में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने वीबी-जी राम जी योजना का विरोध करने पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि कांग्रेस को इस पहल में भगवान राम का नाम शामिल करने से दिक्कत है. गिरिराज सिंह के बयान पर तेज प्रताप यादव ने कहा, “कांग्रेस नेता अपने माथे पर चंदन का तिलक नहीं लगाते. ऐसा करना चाहिए.” हालाँकि, उन्होंने यह भी कहा कि सभी जातियों, समुदायों और धर्मों का सम्मान किया जाना चाहिए क्योंकि हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी भाई-भाई हैं।
गिरधारी लाल साहू पर कार्रवाई होनी चाहिए
तेज प्रताप ने उत्तराखंड के मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा बिहार की महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा, “उनकी पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है. बिहार की महिलाओं के खिलाफ ऐसी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए.” तेज प्रताप यादव ने कहा कि इस मामले में सिर्फ माफी मांगना काफी नहीं है. उन्होंने पूछा, “वह किससे माफी मांगेंगे? क्या बिहार की बेटियों ने उन्हें माफ कर दिया है?” उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर उन्हें माफी मांगनी है तो बिहार आकर मांगनी होगी.
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश: बहू ने पति के साथ मिलकर की ससुर की हत्या, घर में करती थी रेप और छेड़छाड़
