
अल्टो सवार युवकों ने जमकर हंगामा किया
नोएडा: नए साल के मौके पर कुछ युवकों ने नोएडा की सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया. ये युवक अपनी ALTO कार की छत पर चढ़ गए और तेज म्यूजिक पर डांस करने लगे. कुछ युवा शर्टलेस भी हो गए, जबकि सड़क पर खड़ी बाकी गाड़ियां मूकदर्शक बनी रहीं।
हालांकि इस पूरी घटना को एक वाहन सवार ने अपने कैमरे में कैद कर लिया. जिसके बाद जब इस मामले का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने सख्ती दिखाई और ऑल्टो कार का 67 हजार रुपये का चालान काट दिया. इतना भारी चालान काटकर पुलिस ने युवाओं को यह संदेश देने की कोशिश की है कि वे ऐसी हरकतें करके यातायात नियमों का उल्लंघन न करें और न ही अपनी और दूसरे वाहन सवारों की जान को खतरे में डालें.
युवाओं का हंगामा मनाली में भी देखने को मिला
ऐसा ही एक मामला मनाली में भी सामने आया था. नए साल के मौके पर मनाली पहुंचे कुछ युवा कार से उतरकर डांस करने लगे और उन्होंने अपनी शर्ट भी उतार दी. इस दौरान इन युवाओं ने यह भी नहीं सोचा कि आसपास परिवार भी हैं और इस कदम से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
नए साल के मौके पर न सिर्फ नोएडा और मनाली से ऐसे मामले सामने आए, बल्कि देशभर में कई जगहों पर युवाओं ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया. पार्टी करने और एन्जॉय करने के चक्कर में ये लोग ये भी भूल गए कि एन्जॉय करने के चक्कर में किसी दूसरे शख्स की जान को खतरा हो सकता है. हालाँकि पुलिस बल ने सतर्क रहने की पूरी कोशिश की, लेकिन पुलिस सड़क के हर नुक्कड़ पर मौजूद नहीं रह सकती।
ऐसे में युवाओं को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी कि सड़क पर चलते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें। ऐसा करके आप न केवल अपनी जान की रक्षा करते हैं बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य यात्रियों की जान की भी रक्षा करते हैं। (इनपुट: राहुल ठाकुर)
