
शनिवार के उपाय
शनिवार के उपाय: साल 2025 का आखिरी शनिवार 27 दिसंबर को है. इस दिन सुबह पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र रहेगा और सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर उत्तराभाद्रपद नक्षत्र लगेगा. यह नक्षत्र शनिदेव का है और कुछ खास उपायों के लिए खास माना जाता है। ऐसे में साल के आखिरी दिन आप कुछ आसान उपाय करके जबरदस्त लाभ पा सकते हैं। इन उपायों को करने से भाग्य भी आपका साथ देगा।
शनिवार के उपाय
- अगर आप बड़ा आर्थिक लाभ पाना चाहते हैं तो लाभ पाने के लिए आपको शनिवार के दिन एक रुपये का सिक्का खरीदना चाहिए। अब उस सिक्के पर सरसों के तेल से बिंदी लगाएं और उसे शनि मंदिर में रख दें। साथ ही शनिदेव से आर्थिक लाभ दिलाने की प्रार्थना करें। ऐसा करने से आपको जल्द ही बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा।
- अगर आप अपने शत्रुओं से परेशान हैं और उनसे छुटकारा पाना चाहते हैं तो शनिवार के दिन एक पत्थर पर कोयले से अपने शत्रु का नाम लिखें और उस पत्थर को कोयले सहित बहते जल में प्रवाहित कर दें। ये उपाय करने से आपको जल्द से जल्द अपने शत्रु से छुटकारा मिल जाएगा और आपका जीवन भी खुशहाल हो जाएगा।
- अगर आप अपने बच्चे को उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजना चाहते हैं, लेकिन आपको कोई समस्या आ रही है तो इस समस्या से निकलने के लिए आपको शनिवार के दिन शनि मंत्र का 11 बार जाप करना चाहिए। शनिदेव का मंत्र इस प्रकार है- ‘ॐ श्रीं ह्रीं शं शनैश्चराय नमः।’ ऐसा करने से आपको अपने बच्चे को विदेश भेजने में जो भी परेशानी आ रही है उससे जल्द ही छुटकारा मिल जाएगा।
- अगर आपको अपने नए बिजनेस में किसी भी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तो उन परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए आपको सबसे पहले शनिवार के दिन स्नान आदि करना चाहिए। इसके बाद आक या मदार के पौधे के पास जाकर उसकी रोली, चावल आदि से विधिपूर्वक पूजा करनी चाहिए। ऐसा करने से आपको अपने नए बिजनेस में जो भी परेशानियां आ रही हैं उनसे जल्द ही छुटकारा मिल जाएगा।
- अगर आप अपने काम में सफलता बरकरार रखना चाहते हैं तो इसके लिए आपको शनिवार के दिन सबसे पहले उठकर स्नान आदि करना चाहिए। इसके बाद नीम के पेड़ के पास जाकर उसे प्रणाम करना चाहिए और उसकी जड़ में जल भी चढ़ाना चाहिए। नीम के पेड़ को प्रणाम करने और उसकी जड़ में जल चढ़ाने से कार्य में सफलता मिलेगी।
- अगर आप पैतृक जमीन-जायदाद से जुड़ी किसी समस्या से जूझ रहे हैं तो उस समस्या से छुटकारा पाने के लिए आपको शनिवार के दिन आटे का दीपक बनाकर उसमें सरसों का तेल डालकर उसमें बत्ती रखकर शनिदेव के सामने जलाना चाहिए। ऐसा करने से आपको पैतृक जमीन-जायदाद से जुड़ी जो भी परेशानियां आ रही हैं, उनसे जल्द ही छुटकारा मिल जाएगा।
- यदि आपके संबंध वरिष्ठ अधिकारियों से ज्यादा अच्छे नहीं हैं तो उनसे अच्छे संबंध बनाए रखने के लिए आपको शनिवार के दिन किसी लोहार के पास जाना चाहिए और उससे लोहे से बनी कोई चीज खरीदनी चाहिए। खरीदकर घर लाने के बाद उस लोहे की चीज को अपने घर की पश्चिम दिशा में सुरक्षित रख दें। ऐसा करने से जल्द ही उच्च अधिकारियों से आपके संबंध मधुर हो जायेंगे।
- अगर आप लंबे समय से किसी कोर्ट केस में फंसे हुए हैं और न्याय नहीं मिल पा रहा है तो न्याय पाने के लिए आपको शनिवार के दिन कुछ काले तिल लेकर किसी नीम के पेड़ के पास जाना चाहिए और उसकी जड़ में थोड़ी मिट्टी खोदकर उसमें उन काले तिलों को दबा देना चाहिए। उपाय करने से आपको जल्द ही उचित न्याय मिलेगा और कोर्ट-कचहरी के मामलों की उलझनों से छुटकारा मिल जाएगा।
- यदि आपको किसी सरकारी कार्यालय में आवेदन देना है और उससे संबंधित कार्य में परेशानी आ रही है तो इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए आपको शनिवार के दिन शनि स्तोत्र का पाठ करना चाहिए। शनि स्तोत्र का पाठ आप किसी भी समय कर सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि पाठ करते समय आपको अपना मुख पश्चिम दिशा की ओर रखना है क्योंकि पश्चिम दिशा शनि की दिशा है। शनि स्तोत्र का पाठ करने से आपको सरकारी कार्यालय में आवेदन जमा करने में जो भी समस्या आ रही है उससे जल्द ही छुटकारा मिल जाएगा।
- अगर आपके वैवाहिक जीवन में किसी प्रकार की परेशानी आ रही है तो उस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए आप शनिवार के दिन काला सुरमा लें और घर से दूर किसी एकांत स्थान पर जाकर उस काले सुरमे को दबा दें। ऐसा करने से आपके वैवाहिक जीवन में जो भी परेशानियां चल रही हैं, उनसे जल्द ही आपको छुटकारा मिल जाएगा।
- यदि आपको अपने जीवन में हर कार्य के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ता है या बहुत अधिक मेहनत करने के बाद ही सफलता मिलती है, तो आपको शनिवार के दिन एक मुट्ठी काले तिल लेकर बहते जल में प्रवाहित करना चाहिए। शनिदेव का ध्यान और प्रार्थना भी करनी चाहिए। ये उपाय करने से आपको अपनी मेहनत के अनुसार उचित परिणाम मिलने लगेंगे।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष में व्यापक अनुभव है। आप उन्हें हर सुबह 7.30 बजे इंडिया टीवी पर भविष्यवाणी करते हुए देखते हैं।)
यह भी पढ़ें:
