
उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में
नई दिल्ली: नए साल से पहले उत्तर भारत के बड़े हिस्से में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे मैदानी इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों के दौरान दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 01 जनवरी 2026 तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
इन राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, उत्तरी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 1 जनवरी तक सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. 3 जनवरी 2026 तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर और नागालैंड में घना कोहरा छा सकता है। इन राज्यों के लिए कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है।
सबसे कम तापमान हिसार में दर्ज किया गया
भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस हिसार (हरियाणा) में दर्ज किया गया. मध्य प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ और सिक्किम में तापमान 5°-10°C के बीच दर्ज किया जा रहा है.
यहां बारिश और बर्फबारी होगी
30 दिसंबर से 02 जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में हल्की/मध्यम बारिश/बर्फबारी और 30 दिसंबर से 02 जनवरी के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर बर्फबारी के साथ बारिश की बहुत अधिक संभावना है। 30 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, पश्चिमी राजस्थान और 01 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 30-31 दिसंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज़ हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
कैसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम?
अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कई स्थानों पर हल्का तो कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहेगा। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 21°C से 23°C और 7°C से 9°C के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा चलने की संभावना है, जिसकी गति 15 किमी प्रति घंटा से कम होगी.
बुधवार को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कई स्थानों पर हल्का तो कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहेगा। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 23°C से 25°C और 7°C से 9°C के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है.
