
धमाके से सेना के जवान घायल
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सेना की फायरिंग रेंज में अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया. अभ्यास के दौरान हुए धमाके में सेना के चार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सैन्य अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर
जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर थाना क्षेत्र के फायरिंग रेंज में सेना का नियमित प्रशिक्षण अभ्यास चल रहा था. इसी दौरान अचानक हुए विस्फोट की चपेट में चार जवान आ गये और घायल हो गये. घटना की जानकारी मिलते ही सैन्य अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
दो घायल सिपाहियों को पीजीआई रेफर कर दिया गया
घायल जवानों को तुरंत एम्बुलेंस से बेहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। दो सिपाहियों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया, जबकि दो सिपाहियों का इलाज बेहट सीएचसी में जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया. अस्पताल में अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ तैनात किया गया ताकि घायलों को बेहतर इलाज मिल सके.
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसा ट्रेनिंग के दौरान हुआ है. इसके कारणों की जांच की जा रही है. वहीं, सेना के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी घायल जवानों को उचित इलाज दिया जा रहा है. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के असली कारणों का पता चल पाएगा.
सहारनपुर से खालिद हसन की रिपोर्ट
