
स्मृति मंधाना
भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय घरेलू मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसके पहले तीन मैच जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बना ली है। इस सीरीज का चौथा मैच 28 दिसंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें टीम इंडिया की स्टार ओपनिंग बल्लेबाज स्मृति मंधाना के पास एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। इस टी20 सीरीज में मंधाना का अब तक वो प्रदर्शन देखने को नहीं मिला है जिसकी उम्मीद सभी को पहले तीन मैचों में उनसे थी, इसलिए वो बाकी 2 मैचों में जरूर वापसी करना चाहेंगी.
मंधाना 27 रन और बनाएंगी और खास क्लब का हिस्सा बनेंगी.
स्मृति मंधाना अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में बल्ले से शानदार प्रदर्शन करती नजर आई हैं, जिसमें वनडे में उन्होंने 5322 रन बनाए हैं और टी20 इंटरनेशनल में 4022 रन बनाने में सफल रही हैं. इसके अलावा टेस्ट में भी मंधाना के नाम 629 रन दर्ज हैं. इसके साथ ही वह अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 9973 रन बना चुकी हैं. ऐसे में अगर मंधाना श्रीलंका महिला टीम के खिलाफ टी20 सीरीज के चौथे मैच में 27 रन और बनाने में सफल हो जाती हैं, तो वह महिला क्रिकेट में अपने 10,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर लेंगी. इसके साथ ही स्मृति मंधाना यह उपलब्धि हासिल करने वाली चौथी महिला और दूसरी भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगी। स्मृति मंधाना से पहले यह कारनामा अब तक टीम इंडिया की पूर्व कप्तान और शानदार बल्लेबाज मिताली राज के अलावा सूजी बेट्स और चार्लोट एडवर्ड्स ने किया है।
मंधाना फिलहाल टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं.
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में स्मृति मंधाना दूसरे स्थान पर हैं, जिसमें उनसे आगे सिर्फ न्यूजीलैंड टीम की खिलाड़ी सूजी बेट्स हैं. मंधाना महिला टी20 में अब तक दूसरी खिलाड़ी हैं जो 4000 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही हैं. जबकि नंबर वन सूजी बेट्स ने महिला टी20 इंटरनेशनल में 4716 रन बनाए हैं. इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जिन्होंने महिला टी20 इंटरनेशनल में 3700 रन बनाए हैं.
ये भी पढ़ें
IND-W vs SL-W: कब और कितने बजे खेला जाएगा चौथा टी20, जानें लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी जानकारी
