
हार्दिक पंड्या
बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. इसके लिए कप्तानी की जिम्मेदारी शुबमन गिल को सौंपी गई है. उपकप्तान श्रेयस अय्यर की भी टीम में वापसी हुई है. चोट के कारण वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नहीं खेल पाये थे. टीम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने वाले ज्यादातर खिलाड़ियों को मौका मिला है. खास बात यह है कि इस सीरीज के लिए हार्दिक पंड्या को टीम में मौका नहीं मिला है. बीसीसीआई ने ये वजह भी बताई है.
बीसीसीआई ने बताई बड़ी वजह
बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के अधिकारी ने हार्दिक पंड्या को एक मैच में 10 ओवर गेंदबाजी करने की इजाजत नहीं दी है. इसके अलावा आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए उनके वर्कलोड को मैनेज किया जा रहा है. इसी वजह से उन्हें वनडे टीम से बाहर रखा गया है. बीसीसीआई का पूरा ध्यान इस बात पर है कि वह टी20 वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह से फिट रहें.

बीसीसीआई के ट्वीट का स्क्रीन ग्रैब
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार्दिक पंड्या ने दमदार प्रदर्शन किया था
हार्दिक पंड्या ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया और अपने दम पर टीम को सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने सीरीज में दो अर्धशतक लगाए थे. इसके अलावा तीन विकेट भी लिये. वह दमदार बल्लेबाजी के अलावा बेहतरीन गेंदबाजी में भी माहिर खिलाड़ी हैं. वह किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता रखते हैं।
हार्दिक पंड्या ने अपना आखिरी वनडे मैच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था.
हार्दिक पंड्या ने भारतीय टीम के लिए अपना आखिरी वनडे मैच साल 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी में खेला था. तब से वह वनडे टीम से बाहर हैं. उन्होंने 2016 में भारतीय टीम के लिए वनडे डेब्यू किया था और तब से वह टीम की अहम कड़ी बने हुए हैं. उन्होंने अब तक 94 वनडे मैचों में कुल 1904 रन बनाए हैं, जिसमें उन्होंने 11 अर्धशतक लगाए हैं. इसके अलावा उन्होंने 91 विकेट भी लिए हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम:
शुबमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा।
यह भी पढ़ें:
वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, शुभमन गिल हुए फिट, इन खिलाड़ियों को मिली जगह
