
हार्दिक पंड्या
भारतीय क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ी लंबे समय के बाद विजय हजारे ट्रॉफी सीजन में घरेलू क्रिकेट में खेलते नजर आ रहे हैं, जिसमें एक नाम स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या का भी है, जिनकी नजरें न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में वापसी पर टिकी हैं। हार्दिक ने पिछले एक साल में टी20 इंटरनेशनल में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से उन्होंने एक भी वनडे मैच नहीं खेला है. ऐसे में हार्दिक के लिए यह मैच बेहद अहम था, जिसमें उन्होंने न सिर्फ अपने बल्ले से शतकीय पारी खेली बल्कि टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने का काम भी किया.
हार्दिक ने अपनी शतकीय पारी में कुल 11 छक्के लगाए.
बड़ौदा की टीम राजकोट के मैदान पर विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में विदर्भ टीम के खिलाफ ग्रुप-बी मैच खेल रही है, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिलने के बाद उन्होंने 71 के स्कोर तक अपनी आधी टीम गंवा दी. यहां बल्लेबाजी करने मैदान पर आए हार्दिक पंड्या ने न सिर्फ एक छोर से पारी को संभाला बल्कि तेज गति से रन बनाने का सिलसिला भी शुरू कर दिया. इस दौरान हार्दिक को अपने भाई क्रुणाल का साथ मिला जिनके साथ छठे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी देखने को मिली. क्रुणाल पंड्या 23 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे.
हार्दिक पंड्या ने यहां से रनों की गति को कम नहीं होने दिया और राज लिंबानी के साथ 8वें विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 250 के पार ले जाने में अहम भूमिका निभाई. हार्दिक ने इस मैच में महज 68 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जबकि 92 गेंदों में 133 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे, जिसमें उन्होंने 8 चौके और 11 छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 144.57 का देखा गया.
हार्दिक का 119 मैचों में लिस्ट-ए में यह पहला शतक है
हार्दिक पंड्या की गिनती मौजूदा समय में सीमित ओवर फॉर्मेट क्रिकेट के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर खिलाड़ियों में होती है, ऐसे में उन्हें कई बार टीम इंडिया के लिए बल्ले और गेंद दोनों से मैच विनर की भूमिका निभाते हुए देखा गया है. यह हार्दिक का लिस्ट-ए क्रिकेट का 119वां मैच था, जिसमें वह अपना पहला शतक लगाने में सफल रहे। इस मैच में हार्दिक पंड्या की आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पारी के 39वें ओवर में कुल 34 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 5 छक्के और एक चौका लगाया. हार्दिक की शानदार पारी के दम पर बड़ौदा की टीम इस मैच में 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 293 रन के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही.
ये भी पढ़ें
विजय हजारे ट्रॉफी में अर्शदीप सिंह ने खोले अपने पंजे, पंजाब ने 38 गेंदों में खत्म किया मैच
BBL मैच में बुरी तरह पिटे पाकिस्तानी गेंदबाज हारिस रऊफ, जीते हुए मैच में दी टीम को हार
