
मनाली में ताजा बर्फबारी
मनाली: हिमाचल प्रदेश का मनाली हमेशा पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहता है और हर साल लाखों पर्यटक यहां आते हैं। मनाली का सबसे बड़ा क्रेज यहां पड़ने वाली बर्फ को लेकर है। ताजा खबर ये है कि मनाली के पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी हुई है, जिसका एक दिलकश वीडियो भी सामने आया है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि मनाली की पहाड़ियां बर्फ से ढकी हुई हैं और ऐसा लग रहा है जैसे किसी ने पहाड़ों पर सफेद चादर बिछा दी हो. मनाली घूमने आए पर्यटक भी ये नजारा देखकर काफी खुश हैं और बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं.
एक पर्यटक ने बर्फबारी को लेकर अपना अनुभव बताया
एक पर्यटक ने कहा कि बर्फबारी बहुत अच्छी हुई है और हमने बर्फ गिरते देखी है. यहां रात को बर्फ गिरी थी. जो बर्फ आप वहां पड़ी देख रहे हैं वह रात की है। हम इसका आनंद ले रहे हैं. यहां का वातावरण बहुत अच्छा है, हालांकि तापमान माइनस में जा रहा है। हमारी दिल्ली में बहुत प्रदूषण है.
जानिए मनाली के बारे में
मनाली हिमाचल प्रदेश में ब्यास नदी के तट पर स्थित एक खूबसूरत हिल स्टेशन है। यह हिमालय की गोद में स्थित है और अपनी बर्फीली पहाड़ियों, हरे-भरे जंगलों और शांतिपूर्ण वातावरण के लिए पर्यटकों को पसंद आता है। हनीमून मनाने वाले जोड़े भी यहां खूब आते हैं क्योंकि नए जोड़ों को यहां का मौसम और नज़ारा बहुत आकर्षक लगता है।
इसके अलावा मनाली फैमिली ट्रिप और एडवेंचर के लिए भी काफी मशहूर है। यहां के मुख्य पर्यटन स्थल हिडिंबा देवी मंदिर, सोलांग घाटी, रोहतांग दर्रा, ओल्ड मनाली, वशिष्ठ हॉट स्प्रिंग्स, जोगिनी फॉल्स और मनु मंदिर हैं। इसके अलावा आप यहां कई साहसिक गतिविधियां भी कर सकते हैं। अगर आप भी मनाली के नज़ारों का आनंद लेना चाहते हैं तो सबसे अच्छा समय दिसंबर से जनवरी तक है क्योंकि इस समय यहां बर्फबारी होती है।
