
भारतीय बल्लेबाज शेफाली वर्मा
भारतीय महिला क्रिकेट टीम बनाम श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम: भारतीय महिला टीम और श्रीलंकाई महिला टीम के बीच चौथा टी20 मैच तिरुवनंतपुरम के मैदान पर खेला गया और इस मैच में दोनों टीमों की ओर से रनों की बरसात देखने को मिली. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल 221 रन बनाए. इसके बाद श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में 191 रन ही बना सकी और मैच में 30 रन से हार का सामना करना पड़ा. दोनों टीमों की ओर से 412 रन बने.
शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने लगाया अर्धशतक
भारतीय टीम के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी की. दोनों ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और अर्धशतक जड़े. मंधाना ने 80 रन और शेफाली ने 79 रन बनाये. बाद में ऋचा घोष ने आकर खास अंतर पैदा किया, जिससे टीम बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही. उन्होंने 16 गेंदों में 40 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे. भारत ने निर्धारित 20 ओवर में कुल 221 रन बनाए.
श्रीलंका के लिए चमारी अटापट्टू ने पचास प्लस का स्कोर बनाया
इसके बाद श्रीलंका के लिए कप्तान चमारी अटापट्टू ने अर्धशतक लगाया. उन्होंने 37 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के लगाते हुए 52 रन बनाए. ओपनर हासिनी परेरा ने 33 रनों का योगदान दिया. इमेशा दुलानी ने 29 रन बनाए. भारतीय गेंदबाज वैष्णवी शर्मा ने उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखाया. नीलाशिका सिल्वा ने 11 गेंदों में 23 रन बनाए. ये खिलाड़ी टीम को जीत नहीं दिला सके. श्रीलंकाई टीम 6 विकेट के नुकसान पर 191 रन ही बना सकी.
भारत बनाम श्रीलंका के बीच मैच में कोई शतक नहीं लगा
मैच में दोनों टीमों की ओर से कुल 412 रन बने, जो महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बिना किसी खिलाड़ी के शतक लगाए सबसे बड़ा स्कोर है. महिला T20I क्रिकेट में यह पहली बार है कि एक मैच में 400 से अधिक रन बने हैं और किसी भी खिलाड़ी ने शतक भी नहीं बनाया है। भारत और श्रीलंका के बीच चौथे टी20 मैच में कुल तीन अर्धशतक बने, लेकिन कोई भी बल्लेबाज इसे शतक में नहीं बदल सका.
यह भी पढ़ें:
हरलीन देयोल को बल्लेबाजी के लिए ऊपर क्यों नहीं भेजा गया? कप्तान हरमनप्रीत ने किया बड़ा खुलासा
इस खिलाड़ी ने अचानक किया संन्यास का ऐलान, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेले इतने मैच
