
प्रतीकात्मक फोटो.
राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, एक पाकिस्तानी नागरिक कथित तौर पर सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कर चुका है. अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि घुसपैठिए पाकिस्तानी नागरिक को नाचना और नोख सेक्टर से सटे इलाके से पकड़ा गया है. इसके साथ ही दूसरी ओर जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिया गया है.
मानसिक रूप से बीमार होने का संदेह
सामने आई जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के जैसलमेर में सीमा के पास बीएसएफ द्वारा पकड़ा गया पाकिस्तानी घुसपैठिया प्राथमिक तौर पर मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि मेडिकल जांच और पूछताछ के बाद ही अधिक जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, पाकिस्तानी नागरिक ने अपनी पहचान राणा मोहम्मद असलम के पुत्र इशरत (उम्र 35 वर्ष) के रूप में दी।
बॉर्डर पर पकड़े गए पाकिस्तानी घुसपैठिए ने बताया है कि वह पाकिस्तान के पंजाब के सरगोधा का रहने वाला है. अधिकारियों ने उसके पास से पाकिस्तानी करेंसी नोट, एक चाकू और कुछ अन्य सामान बरामद किया है। बीएसएफ द्वारा आगे की जांच के लिए पाकिस्तानी नागरिक को नोख पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक भी हिरासत में
उधर, जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है. इसे सीमा के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पकड़ा गया था. अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक शरीफुल इस्लाम (उम्र 19 वर्ष) को बीएसएफ कर्मियों ने जम्मू के बाहरी इलाके गजनसु इलाके से पकड़ा था. शुरुआती पूछताछ के बाद बीएसएफ ने उसे जांच और पूछताछ के लिए पुलिस को सौंप दिया है. (इनपुट भाषा)
ये भी पढ़ें- तनाव के बीच भारत और पाकिस्तान ने उठाया बड़ा कदम, परमाणु प्रतिष्ठानों की सूची का किया आदान-प्रदान
दिल्ली में ED की कार्रवाई जारी, अब सुनील गुप्ता के ठिकानों से करोड़ों की नकदी और ज्वेलरी बरामद
