
क्रुणाल पंड्या
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बड़ौदा और हैदराबाद के बीच मैच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों की ओर से रन बरसते नजर आए. इस मैच में बड़ौदा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 417 रन बनाए. इसके बाद हैदराबाद की टीम सिर्फ 380 रन पर सिमट गई और 30 रन से मैच हार गई. मैच में दोनों टीमों की ओर से कुल पांच शतक लगे.
लिस्ट-ए क्रिकेट में ऐसा चमत्कार पहली बार हुआ.
बड़ौदा के लिए नित्या पंड्या, अमित पासी और क्रुणाल पंड्या ने शतक लगाए. हैदराबाद टीम के लिए प्रग्नया रेड्डी और अभिरथ रेड्डी ने शतक लगाए. इस तरह मैच में कुल पांच शतक लगे. लिस्ट-ए क्रिकेट में यह पहली बार है कि एक मैच में पांच शतक लगे हैं। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था. ये अद्भुत रिकॉर्ड बल्लेबाजों के विस्फोटक खेल की वजह से बना है.
बड़ौदा टीम के लिए नित्या पंड्या और अमित पासी ओपनिंग करने आए और दोनों खिलाड़ियों ने अनुशासित बल्लेबाजी का नमूना पेश किया. इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 230 रनों की साझेदारी की और बड़े स्कोर की नींव रखी. अमित ने 93 गेंदों में कुल 127 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 7 छक्के शामिल थे. वहीं नित्या ने भी 122 रनों की पारी खेली और उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया.
क्रुणाल पंड्या ने 109 रन की पारी खेली
बाद में बड़ौदा के कप्तान क्रुणाल पंड्या ने तीसरे नंबर पर शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने महज 63 गेंदों में 109 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने अपनी पारी में 18 चौके और एक छक्का लगाया. इन खिलाड़ियों की वजह से ही बड़ौदा की टीम हिमालय जैसे 417 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही. हैदराबाद के गेंदबाज बुरी तरह फ्लॉप रहे और अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके. चामा मिलिंद ने दो विकेट जरूर लिए. लेकिन बाकी गेंदबाज़ों की जमकर पिटाई हुई.
प्रग्नया रेड्डी और अभिरथ रेड्डी ने भी शतक बनाये
बाद में हैदराबाद टीम के लिए प्रग्नया रेड्डी (113 रन) और अभिरथ रेड्डी (130 रन) ने दमदार शतक लगाए. लेकिन ये दोनों खिलाड़ी टीम को जीत की दहलीज पर ले जाकर आउट हो गए और बाद में आए बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करने में असफल साबित हुए. अमन राव ने 39 रनों की पारी खेली थी, जो काफी नहीं थी. अभिरथ ने 90 गेंदों में 130 रन बनाए, जिसमें 18 चौके और दो छक्के शामिल थे. वहीं प्रागनेय ने 98 गेंदों में 113 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल था. इन खिलाड़ियों ने टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके. हैदराबाद की टीम 380 रन पर सिमट गई.
