
नए साल की शुरुआत के साथ ही देश की टैक्सी सर्विस इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। ओला और उबर जैसी निजी कंपनियों की मनमानी कीमतों और सर्ज प्राइसिंग से परेशान यात्रियों और ड्राइवरों के लिए अब ‘भारत टैक्सी’ एक नया और सस्ता विकल्प बनकर उभरी है। इस सरकारी कैब सर्विस का दावा है कि इससे न सिर्फ यात्रियों की जेब हल्की होगी, बल्कि ड्राइवरों को पूरी कमाई का हक भी मिलेगा।
ओला-उबर से कितनी सस्ती है भारत टैक्सी?
भारत टैक्सी का सबसे बड़ा आकर्षण इसका निश्चित मूल्य मॉडल है। इस ऐप पर सर्ज प्राइसिंग यानी पीक टाइम, बारिश या ट्रैफिक के नाम पर किराया नहीं बढ़ाया जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत टैक्सी पर पहले 4 किलोमीटर के लिए तय किराया सिर्फ 30 रुपये रखा गया है. इसके बाद 4 से 12 किलोमीटर की दूरी के लिए 23 रुपये प्रति किलोमीटर और 12 किलोमीटर से अधिक की दूरी के लिए 18 रुपये प्रति किलोमीटर किराया तय किया गया है. अगर हम तुलना करें तो ओला और उबर में समान दूरी का किराया कभी-कभी दोगुना तक पहुंच जाता है, खासकर पीक टाइम में। ऐसे में यात्रियों के लिए भारत टैक्सी 30 से 40 फीसदी सस्ती साबित हो सकती है.
ड्राइवरों को पूरा पैसा मिलेगा
भारत टैक्सी को जीरो-कमीशन प्लेटफॉर्म के रूप में देखा जा रहा है। यानी ड्राइवरों को ओला-उबर की तरह भारी कमीशन नहीं देना होगा. यात्री जो भी किराया देगा वह सीधे ड्राइवर की जेब में जाएगा। इससे ड्राइवरों की कमाई बढ़ेगी और यात्रियों को कम किराया देना होगा। इस प्लेटफॉर्म पर अब तक 1.4 लाख से ज्यादा ड्राइवर रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.
ऐप में कैसे होगी कैब बुकिंग?
भारत टैक्सी पूरी तरह से ऐप आधारित सेवा है। इसे Google Play Store और Apple App Store से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप में यूजर को पिकअप और ड्रॉप लोकेशन डालनी होगी, कैटेगरी (कैब, ऑटो या बाइक) चुननी होगी और तय किराया पहले से ही स्क्रीन पर दिखाई देगा। भुगतान ऑनलाइन और नकद दोनों विकल्पों में उपलब्ध है।
क्या मिलेंगे फीचर्स?
भारत टैक्सी ऐप कैब, ऑटो और बाइक की सुविधा मुहैया कराता है। इसके साथ ही मेट्रो सेवाओं को भी ऐप से जोड़ा गया है, यानी यूजर्स मेट्रो टिकट भी बुक कर सकते हैं। यात्रियों और ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के साथ समझौता किया गया है। ऐप को अब तक 1 लाख से ज्यादा डाउनलोड मिल चुके हैं और 4.8 से 4.9 की बेहतरीन रेटिंग मिली है।
