
साल का अंत भारतीय शेयर बाजार और निवेश जगत के लिए एक बेहद दुखद खबर के साथ हुआ। देश के जाने-माने पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विस (पीएमएस) फंड मैनेजर और मल्टीबैगर स्टॉक की पहचान करने वाले सिद्धार्थ भैया का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। 47 साल के सिद्धार्थ भैया अपने परिवार के साथ न्यूजीलैंड में छुट्टियां मना रहे थे, तभी 31 दिसंबर को उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उनकी कंपनी एक्विटास इन्वेस्टमेंट कंसल्टेंसी ने इस खबर की पुष्टि की है। उनके आकस्मिक निधन से निवेश जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
सिद्धार्थ भैया की गिनती भारतीय शेयर बाज़ार के सबसे तेज़ और मुखर निवेश विशेषज्ञों में होती थी। वह एक्विटास के प्रबंध निदेशक और मुख्य निवेश अधिकारी थे और उन्होंने अल्ट्रा-हाई नेट वर्थ व्यक्तियों (अल्ट्रा-एचएनआई) के लिए निवेश सेवाएं प्रदान करने वाली एक बुटीक परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी के रूप में फर्म की स्थापना की। जनवरी 2026 तक, एक्विटास की प्रबंधनाधीन संपत्ति (एयूएम) लगभग 7,700 करोड़ रुपये थी।
शेयर बाजार को लेकर दी तीखी चेतावनी
हाल ही में सिद्धार्थ भैया ने भारतीय शेयर बाजार को लेकर तीखी चेतावनी दी थी. उन्होंने मौजूदा बाजार को “स्वस्थ तेजी की दौड़” के रूप में नहीं, बल्कि “महत्वपूर्ण अनुपात के बुलबुले” के रूप में वर्णित किया। उन्होंने कहा कि निफ्टी का करीब 20 गुना का पीई आकर्षक दिखता है, लेकिन यह तस्वीर का सिर्फ एक हिस्सा है. उन्होंने तर्क दिया कि निफ्टी का कम मूल्यांकन मुख्य रूप से एसबीआई, ओएनजीसी, एनटीपीसी, कोल इंडिया और पावर ग्रिड जैसे बड़े पीएसयू शेयरों के कारण है, जिन्हें ज्यादातर खुदरा निवेशक अपने पोर्टफोलियो में नहीं रखते हैं। इन शेयरों को हटाने के बाद वास्तविक पोर्टफोलियो का पीई 40 से ऊपर है और मिडकैप-स्मॉलकैप में यह 50 से अधिक है।
एसआईपी पर दिया बयान
एसआईपी को लेकर उनका बयान भी काफी चर्चा में रहा था. उन्होंने कहा था कि मौजूदा युग एसआईपी नहीं बल्कि एसडब्ल्यूटी- सिस्टमैटिक वेल्थ ट्रांसफर का है, जहां मध्यम वर्ग की नियमित निवेश राशि प्रमोटरों की शेयर बिक्री से मेल खा रही है। एक्विटास ने अपने बयान में कहा कि सिद्धार्थ भैया सिर्फ एक निवेशक नहीं बल्कि एक संस्थान निर्माता थे, जो बौद्धिक ईमानदारी, अनुशासन और दीर्घकालिक सोच में विश्वास करते थे। उनके निधन पर हेलिओस कैपिटल के संस्थापक समीर अरोड़ा समेत कई दिग्गजों ने गहरा दुख जताया है.
