
मृतक का परिवार
झारखंड के हज़ारीबाग में एक परिवार के लिए नए साल की खुशियां गम में बदल गईं. यहां शराब के नशे में दो गुटों के युवक आपस में भिड़ गए. तलवार के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं, दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना शहर के व्यस्ततम इंद्रपुरी चौक के पास की है. बीती रात दो युवा गुटों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते तलवारबाजी और भीषण मारपीट में बदल गया.
इस घटना में मंडई निवासी सूरज राणा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है.
पिकनिक में विवाद शुरू हो गया
मिली जानकारी के अनुसार नये साल के जश्न के दौरान मंडई और नूरा इलाके के कुछ युवक पिकनिक मनाने गये थे. वहां गुटबाजी को लेकर शराब के नशे में दो गुटों के बीच मामूली विवाद शुरू हो गया. यह विवाद बढ़ता गया और देर रात तक इंद्रपुरी चौक तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्ष आमने-सामने हो गये. गुस्साए युवकों ने एक-दूसरे पर तलवारों से हमला कर दिया। इसी दौरान मंडई निवासी सूरज राणा पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गये. वह मौके पर मर गया। हमले में दो अन्य युवक भी बुरी तरह घायल हो गये. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था.
हमलावर एक दर्जन से अधिक थे
सूचना मिलते ही हज़ारीबाग़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रांची रेफर कर दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. दोनों पक्षों से जुड़े कई युवकों से पूछताछ की जा रही है. लोगों का कहना था कि यह घटना शराब के नशे में आपसी विवाद का नतीजा है. कुल एक दर्जन से अधिक हमलावर थे, जिनमें से लोगों ने आठ की पहचान कर ली है और बाकी अज्ञात हैं. फिलहाल किसी भी अफवाह या किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
(हजारीबाग से मुकेश सिन्हा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें-
देशी शराब पीकर मेले में घूम रही महिला की ब्रेक डांस राइड से टकराकर दर्दनाक मौत हो गई।
मासूम बेटे की हत्या के बाद पति-पत्नी ने लगाई फांसी, 2 लाख रुपये के कर्ज से थे परेशान
