
पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग
अररिया नेपाल में पुलिस ने बिहार के एक शख्स को गोली मार दी. जिससे उसकी मौत हो गई. मौत के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है. घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने नेपाल में जमकर विरोध प्रदर्शन किया है. मृत युवक बिहारी मूल का था और भारत-नेपाल सीमा से सटे सुनसरी जिले के लौकाही गांव का रहने वाला था.
विजय साह नेपाल में ई रिक्शा चलाता था
मिली जानकारी के मुताबिक, नेपाल पुलिस ने कथित तौर पर तस्कर बताकर एक बिहारी मूल के युवक को गोली मार दी. इसके बाद गुस्साए लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया और पथराव किया. फिलहाल परिजन घर पर शव का इंतजार कर रहे हैं और अंतिम यात्रा की तैयारी चल रही है. परिजनों ने बताया कि मृतक युवक विजय साह नेपाल में ई-रिक्शा चलाता था. इसी क्रम में वह चीनी की बोरी लेकर नेपाल चला गया. जहां नेपाल पुलिस ने उससे पैसे की मांग की. युवक ने पैसे देने में असमर्थता जताई। आरोप है कि इसके बाद नेपाल पुलिस के एक जवान ने उन्हें गोली मार दी और उनकी मौत हो गई.
आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार करने की मांग
परिजनों का कहना है कि वह टोटो पर चीनी की बोरियां लेकर आ रहा था. पैसे के लेन-देन को लेकर मारपीट हुई और फिर नेपाली पुलिस ने फायरिंग कर दी. इसमें उनकी मौत हो गयी. उधर, नेपाली पुलिस कथित तौर पर उसे तस्कर बता रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही मृतक के परिजनों को मुआवजा मिलना चाहिए. फिलहाल इस मामले पर भारत सरकार का कोई भी पक्ष अभी तक सामने नहीं आया है. मृतक के घर में मातम है और भारत सरकार से न्याय की मांग की जा रही है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रिपोर्ट- अरुण कुमार, अररिया
