
आस्था की डुबकी लगाते श्रद्धालु.
प्रयागराज: संगम की रेती पर माघ मेले का पहला स्नान पर्व पौष पूर्णिमा शुरू हो गया है. माघ मेला 2026 के पहले दिन आज बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए त्रिवेणी संगम पहुंच रहे हैं. यहां त्रिवेणी संगम पर सुबह से ही श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं. इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी विशेष तैयारी की गई है. वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी सुबह से क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं. सीएम योगी ने सभी श्रद्धालुओं को माघ मेला और पौष पूर्णिमा की बधाई भी दी है.
अधिकारी लगातार जायजा ले रहे हैं
पौष पूर्णिमा के स्नान के दौरान मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल भी मौके पर मौजूद रहीं. उन्होंने कहा, “यहां मौजूद सभी श्रद्धालुओं से बात की। सभी को व्यवस्था सुचारू और अच्छी लग रही है और सभी अपनी सुविधा के अनुसार यहां स्नान कर रहे हैं। हमें सुविधाएं भी उसी तरह उपलब्ध कराई गई हैं। यहां सब कुछ सामान्य है। मैं यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं से कहना चाहता हूं कि मां गंगा सभी पर अपनी कृपा बनाए रखती हैं और आज हमारा माघ मेला शुरू हो रहा है, इसलिए मां गंगा का आशीर्वाद सभी को मिले।”
सीएम योगी ने श्रद्धालुओं को बधाई दी
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर श्रद्धालुओं को पौष पूर्णिमा और माघ मेले की बधाई दी है. सीएम योगी ने ट्विटर पर लिखा, “श्री गंगादेवाय नमः, माघ मेला के शुभारंभ एवं पावन पौष पूर्णिमा पर सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। तीर्थराज प्रयाग में पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाने पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, धर्मगुरुओं, सभी अखाड़ों एवं कल्पवासियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन। मां गंगा, मां यमुना एवं मां सरस्वती। आपकी मनोकामनाएं पूरी करें, यही प्रार्थना है।”
20-30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
आपको बता दें कि आज शनिवार को पौष पूर्णिमा पर मेला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि 20-30 लाख श्रद्धालु गंगा और संगम में डुबकी लगाएंगे. पौष पूर्णिमा स्नान के साथ शनिवार से कल्पवासियों का एक माह का कल्पवास शुरू हो जाएगा। प्रयागराज मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने बताया कि इस माघ मेले में 10,000 फीट क्षेत्रफल के 10 स्नान घाट बनाए गए हैं, जबकि 2023-24 में 8,000 फीट के घाट बनाए गए थे. अग्रवाल के मुताबिक, पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने माघ मेले का लोगो जारी किया है. इसके अलावा बिजली विभाग ने मेला सेवा ऐप तैयार किया है जिसके जरिए लोग बिजली के खंभों पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
ये भी पढ़ें-
इंदौर: दूषित पानी मामले पर सीएम मोहन यादव की सख्त कार्रवाई, अपर नगर निगम आयुक्त निलंबित
‘विकसित भारत जी राम जी’ कानून को लेकर देशभर में जागरूकता अभियान चलाएगी बीजेपी, कल होगी बड़ी बैठक
